Bakipur: बीच सड़क पर SP ममता कल्याणी से भिड़े प्रशांत किशोर
Bakipur: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव मतदान जारी रहने के दौरान बीच सड़क पर पटना की सेंट्रल सिटी एसपी ममता कल्याणी और जन सुराज प्रमुख सह उम्मीदवार प्रशांत किशोर के बीच हुई तीखी बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो सामने आने के बाद हर कोई यह जानना चाहता है कि आखिर ममता कल्याणी कौन हैं?.
बांकीपुर उपचुनाव के दौरान जन सुराज ने आरोप लगाया कि उसके कई पोलिंग एजेंटों और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया है. इसी शिकायत को लेकर प्रशांत किशोर अपने समर्थकों के साथ पुलिस अधिकारियों से बातचीत करने पहुंचे थे. इसी दौरान उनकी सेंट्रल सिटी एसपी ममता कल्याणी से तीखी बहस हो गई. जन सुराज का आरोप है कि मतदान से पहले ही उसके कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया. पार्टी का दावा है कि कुछ कार्यकर्ताओं का पता भी नहीं चल रहा था. वहीं पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई.
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एसपी ममता कल्याणी प्रशांत किशोर और उनके समर्थकों से आचार संहिता का पालन करने की बात कहती नजर आती हैं. वह बार-बार कहती हैं कि चुनाव के दौरान बड़ी संख्या में एक जगह इकट्ठा होने की अनुमति नहीं है. उन्होंने समर्थकों से वहां से हटने को भी कहा. दूसरी ओर, प्रशांत किशोर अपने कार्यकर्ताओं के बारे में जानकारी मांगते रहे. उनका कहना था कि पुलिस बिना कारण उनके लोगों को उठा रही है.
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की वोटिंग के बीच जन सुराज के प्रत्याशी प्रशांत किशोर ने भाजपा और पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने दावा किया कि बांकीपुर में भाजपा नहीं, बल्कि पुलिस चुनाव लड़ रही है. प्रशांत किशोर ने कहा कि पूरे बांकीपुर में ऐसा लग रहा है कि चुनाव भाजपा नहीं, बल्कि पुलिस लड़ रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि रात से ही लोगों के घरों में जाकर उन्हें डराया जा रहा है और बिना वजह हिरासत में लिया जा रहा है.
मीडिया से बातचीत में प्रशांत किशोर ने कहा कि जन सुराज के कार्यकर्ताओं को लगातार निशाना बनाया जा रहा है. उनके मुताबिक, जिन जगहों पर पार्टी ने अनुमति लेकर बूथ लगाए थे, वहां से भी पुलिस कार्यकर्ताओं को उठाकर ले गई. मतदान के दौरान प्रशांत किशोर गोलघर के पास उस बूथ पर पहुंचे, जहां जन सुराज के समर्थक प्रदर्शन कर रहे थे. समर्थकों का आरोप था कि पुलिस उनके लोगों को टारगेट कर रही है और जन सुराज का बूथ हटा दिया गया, जबकि पास में भाजपा का बूथ बना हुआ है. उन्होंने कहा कि भाजपा हार के डर से पुलिस का सहारा ले रही है. उन्होंने दावा किया कि जितना दबाव बनाया जाएगा, जन सुराज की जीत की संभावना उतनी ही बढ़ेगी.
मतदान करने के बाद बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा था कि बांकीपुर में एकतरफा चुनाव हो रहा है. उनके मुताबिक, पिछले कई वर्षों में हुए विकास कार्यों की वजह से जनता का भरोसा भाजपा पर है और इस बार भी भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा को जीत मिलेगी. उन्होंने प्रशांत किशोर पर निशाना साधते हुए कहा था कि वह "बाहर के आदमी" हैं. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या प्रशांत किशोर का घर बांकीपुर में है? क्या वह कभी यहां रहे हैं? उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि अगर हिम्मत है तो प्रशांत किशोर बांकीपुर की पांच गलियों और पांच मोहल्लों के नाम बताकर दिखाएं. मंत्री ने यह भी कहा कि प्रशांत किशोर का बांकीपुर से कोई जुड़ाव नहीं है और यहां की जनता उन्हें वोट नहीं देगी.
ममता कल्याणी बिहार पुलिस सेवा की 45वीं बैच की अधिकारी हैं. वह बिहार के लखीसराय जिले के पुरानी बाजार स्थित नया टोला की रहने वाली हैं. उनके पिता स्वर्गीय सीताराम मेहता सेवानिवृत्त प्राचार्य थे. ममता कल्याणी अपनी सख्त कार्यशैली, अनुशासन और प्रशासनिक क्षमता के लिए जानी जाती हैं. हाल ही में हुए पुलिस प्रशासन के फेरबदल के बाद उन्हें पटना सेंट्रल सिटी एसपी की जिम्मेदारी सौंपी गई है. पटना के सबसे संवेदनशील पुलिस जोन की जिम्मेदारी संभाल रहीं ममता कल्याणी के लिए यह पहला बड़ा चुनावी इम्तिहान माना जा रहा है. इससे पहले वह डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर के पद पर भी अपनी सेवाएं दे चुकी हैं.
प्रशांत किशोर और एसपी ममता कल्याणी के बीच हुई बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है. एक तरफ जन सुराज पुलिस पर पक्षपात का आरोप लगा रही है, तो दूसरी ओर पुलिस का कहना है कि पूरी कार्रवाई चुनाव आयोग के निर्देशों और कानून के तहत की गई है. इसी वजह से यह वीडियो अब बांकीपुर उपचुनाव की सबसे चर्चित घटनाओं में शामिल हो गया.