बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में नामांकन के बाद गिरफ्तार वीणा मानवी को कोर्ट से मिली जमानत 
 

 

Bihar news: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने के तुरंत बाद गिरफ्तार हुईं जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) की प्रत्याशी वीणा मानवी को पटना सिविल कोर्ट से जमानत मिल गई है। उन्हें 2009 के धोखाधड़ी (धारा 420) के एक पुराने मामले में न्यायालय से गैर-जमानती वारंट जारी होने के कारण गिरफ्तार किया गया था। तेज प्रताप यादव की पार्टी जनशक्‍त‍ि जनता दल (जेजेडी) की प्रत्याशी वीणा मानवी को नामांकन दाखिल करने के तुरंत बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

उक्त कार्रवाई पटना समाहरणालय परिसर में की गई, जहां कुछ देर के लिए हंगामे की स्थिति बन गई थी. पुलिस के अनुसार वीणा मानवी के खिलाफ धोखाधड़ी (धारा 420) के एक मामले में न्यायालय से गैर-जमानती वारंट जारी था। इसी वारंट के आधार पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया। पुलिस टीम के पहुंचते ही वीणा मानवी वहां से निकलने का प्रयास करती नजर आईं, लेकिन पुलिस ने कुछ देर की मशक्कत के बाद उन्हें हिरासत में ले लिया।

जेजेडी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजप्रताप यादव ने वीणा मानवी की गिरफ्तारी को राजनीतिक साजिश करार दिया और तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। “वीणा मानवी के साथ पूरी मजबूती से खड़ा हूं। महिलाओं के साथ अन्याय हो रहा है। जब अन्याय होता है तो कृष्ण का सुदर्शन चक्र चलता है। मैं जल्द बिहार आकर अपना सुदर्शन चक्र चलाऊंगा।