बांकीपुर उपचुनाव: सुबह 9 बजे तक 4.61% मतदान, भाजपा-राजद-जन सुराज के बीच कांटे की टक्कर

 

Bakipur elections: राजधानी पटना की प्रतिष्ठित बांकीपुर विधानसभा सीट पर गुरुवार सुबह 7 बजे से उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। मतदान शुरू होते ही विभिन्न बूथों पर मतदाताओं की आवाजाही देखने को मिली। निर्वाचन आयोग के अनुसार सुबह 9 बजे तक 4.61 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। प्रशासन को उम्मीद है कि दिन बढ़ने के साथ मतदान की रफ्तार भी तेज होगी।

यह उपचुनाव बिहार की राजनीति के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। लंबे समय से भाजपा के प्रभाव वाली इस सीट पर इस बार मुकाबला त्रिकोणीय है। भाजपा ने नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है, जबकि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की ओर से रेखा गुप्ता चुनाव मैदान में हैं। वहीं, जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर भी पहली बार इस सीट से अपनी राजनीतिक किस्मत आजमा रहे हैं। ऐसे में यह चुनाव सभी प्रमुख दलों के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न बन गया है।

इस बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मतदाताओं से लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “पहले मतदान, फिर जलपान। लोकतंत्र की मजबूती हर जागरूक मतदाता की भागीदारी से सुनिश्चित होती है। आइए, अपने मताधिकार का जिम्मेदारीपूर्वक प्रयोग करें और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाएँ।”

निर्वाचन आयोग ने मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों पर केंद्रीय अर्द्धसैनिक बल, बिहार पुलिस और सशस्त्र बलों की अतिरिक्त तैनाती की गई है। कई केंद्रों पर वेबकास्टिंग और सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की जा रही है, जबकि सेक्टर मजिस्ट्रेट और उड़नदस्ता दल लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर रहे हैं।

3 अगस्त को आएगा फैसला

मतदान शाम 6 बजे तक जारी रहेगा। इसके बाद सभी ईवीएम को कड़ी सुरक्षा के बीच स्ट्रॉन्ग रूम में रखा जाएगा। 3 अगस्त को मतगणना होगी, जिसके बाद यह स्पष्ट हो जाएगा कि बांकीपुर की जनता ने भाजपा के गढ़ को बरकरार रखा है या फिर किसी नए राजनीतिक विकल्प पर भरोसा जताया है। फिलहाल सभी दलों की नजर मतदान प्रतिशत और मतदाताओं की भागीदारी पर टिकी हुई है।