बांकीपुर उपचुनाव: RLM ने झोंकी पूरी ताकत, मंत्री दिलीप जायसवाल की मौजूदगी में बनी जीत की रणनीति

 

Bihar news: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) ने अपनी चुनावी तैयारियों को और तेज कर दिया है। इसी क्रम में पटना स्थित पार्टी के कैंप कार्यालय में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई, जिसमें बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल ने हिस्सा लिया। बैठक में पहुंचने पर प्रदेश अध्यक्ष सह दिनारा विधायक आलोक सिंह ने अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।

बैठक के दौरान बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र की चुनावी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। नेताओं ने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने, मतदाताओं तक प्रभावी ढंग से पहुंचने और जनसंपर्क अभियान को गति देने को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की। कार्यकर्ताओं से चुनाव के प्रत्येक चरण में सक्रिय और समन्वित भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।

इस दौरान राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा को भारी मतों से विजयी बनाने का सामूहिक संकल्प भी लिया गया। नेताओं ने कहा कि बांकीपुर में विकास और सुशासन की निरंतरता बनाए रखने के लिए एनडीए उम्मीदवार की जीत आवश्यक है।

बैठक में कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और गठबंधन की नीतियों को लोगों तक पहुंचाने का जिम्मा सौंपा गया। पार्टी नेतृत्व ने कहा कि राष्ट्रीय लोक मोर्चा का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और ऊर्जा के साथ चुनाव प्रचार में जुटेगा।

बैठक में राष्ट्रीय लोक मोर्चा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष सह मुख्यालय प्रभारी प्रशांत पंकज, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चंद्रवंशी, प्रदेश प्रधान महासचिव हिमांशु पटेल, महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष ई. स्मृति कुमुद, कुमार पाटलिपुत्र सिंह (सुशील सिंह), अंजली कुमारी, खुर्शीद आलम सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में सभी नेताओं ने एकजुट होकर बांकीपुर उपचुनाव में एनडीए की जीत सुनिश्चित करने का भरोसा जताया।