भारत माला परियोजना को रफ्तार: मुआवजा भुगतान के लिए नौतन में लगा विशेष शिविर, डीएम ने किसानों को दिए जरूरी निर्देश

 
Bihar news: भारत माला राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना से जुड़े किसानों को राहत देने के लिए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। नौतन प्रखंड मुख्यालय स्थित बाल परियोजना कार्यालय में भूमि अधिग्रहण मुआवजा भुगतान को लेकर दो दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में रैयतों ने अपने कागजात जमा किए।

शिविर के दौरान जिला पदाधिकारी रतनजोत सिंह खुद मौके पर पहुंचे और किसानों से संवाद कर प्रक्रिया को तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन किसानों को अब तक नोटिस नहीं मिला है, वे भी एलपीसी (Land Possession Certificate) के लिए अपने दस्तावेज जल्द जमा करें, ताकि मुआवजा भुगतान में देरी न हो।

कागजात जमा करने की प्रक्रिया शुरू
शिविर में अब तक 23 किसानों के एलपीसी तैयार किए जा चुके हैं। किसानों से बैंक पासबुक, आधार कार्ड और पैन कार्ड की प्रतियां जमा कराई गईं, जिससे भुगतान प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सके।

प्रशासन की मौजूदगी से बढ़ा भरोसा
इस मौके पर एसडीएम विकास कुमार, अंचलाधिकारी फिरोज़ इकबाल, एनएचएआई के अधिकारी, बीडीओ शैलेन्द्र कुमार सिंह और थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने किसानों को प्रक्रिया समझाते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

सुविधा को ध्यान में रखकर चुना गया स्थान
शिविर का आयोजन प्रखंड मुख्यालय में ही किया गया, ताकि किसानों को दूर-दराज जाने में परेशानी न हो और वे आसानी से अपने कागजात जमा कर सकें।

प्रशासन का कहना है कि ऐसे शिविरों के जरिए मुआवजा प्रक्रिया को तेज कर किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे परियोजना कार्य में भी तेजी आएगी।