भोजपुर: सुबह-सुबह एनकाउंटर, रिटायर्ड असिस्टेंट कमिश्नर हत्याकांड के शूटर को पुलिस ने मारी गोली
बिहार के भोजपुर में रिटायर्ड असिस्टेंट कमिश्नर रामकुमार सिंह हत्याकांड के आरोपी का शुक्रवार सुबह पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया. बहोरनपुर थाना क्षेत्र के सारंगपुर मोड के पास हुई इस भोजपुर पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से आरोपी शूटर गंभीर रूप से घायल हो गया है. पुलिस की इस जवाबी कार्रवाई में गोली सीधे शूटर के दाहिने पैर में घुटने के नीचे लगी है, जिसके तुरंत बाद आरोपी शूटर गिरफ्तार कर इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
पुलिस गिरफ्त में आए शूटर की पहचान नवादा थाना क्षेत्र के चंदवा हाउसिंग निवासी निर्मल यादव के रूप में हुई है. घटना के संबंध में भोजपुर एसपी अवधेश दीक्षित ने बताया कि रिटायर्ड असिस्टेंट कमिश्नर हत्याकांड में शामिल इस आरोपी शूटर को पहले गिरफ्तार किया गया था.
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी ने वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार को छिपाने वाले गुप्त स्थान की जानकारी दी थी, जिसके बाद पुलिस टीम उसे लेकर निशानदेही पर हथियार बरामद करने सारंगपुर मोड पहुंची थी.हथियार के ठिकाने पर पहुंचते ही आरोपी निर्मल यादव ने मौका पाकर पुलिस टीम पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी.
भोजपुर एसपी अवधेश दीक्षित ने कहा, गोलीबारी होता देख पुलिस ने उसे चेतावनी दी, इसके बावजूद वह फायरिंग करते रहा. पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की है. इस दौरान उसके पैर में गोली लगी है. उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और सदर अस्पताल में इलाज किया जा रहा है.
इस पूरे मामले की शुरुआत 15 अक्टूबर की सुबह हुई थी, जब जिले के नवादा थाना क्षेत्र के महाराजा हाता कतिरा स्टेशन रोड स्थित जैन कॉलेज के पास अपराधियों ने सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया था. बदमाशों ने क्षत्रिय कल्याण संगठन के अध्यक्ष और सेवानिवृत्त असिस्टेंट कमिश्नर राम पुकार सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी. मृतक राम पुकार सिंह इनकम टैक्स विभाग में अधिकारी थे और वहां से रिटायर्ड होने के बाद अपने परिवार के साथ आरा में रह रहे थे.