आशा बहाली घोटाले में बड़ी कार्रवाई: रिश्वत लेते पकड़ी गई BCM सस्पेंड, DM ने दिखाई सख्ती

 

Bihar News: जिले के बारूण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में आशा कार्यकर्ताओं की बहाली के दौरान कथित रिश्वतखोरी के मामले में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। वायरल वीडियो की जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद बारूण सीएचसी की बीसीएम (ब्लॉक कम्युनिटी मैनेजर) कुसुम कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा के निर्देश पर की गई है।

दरअसल, आशा कार्यकर्ताओं की बहाली में पैसे के लेन-देन का आरोप लगाते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम ने त्रि-स्तरीय विशेष जांच दल का गठन किया था। जांच टीम ने वायरल वीडियो, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य तथ्यों की गहन पड़ताल की। जांच में शिकायतकर्ता और बीसीएम कुसुम कुमारी के बीच अवैध लेन-देन के आरोप पूरी तरह सही पाए गए।

जांच रिपोर्ट मिलने के बाद अपर समाहर्ता (लोक शिकायत निवारण) की अध्यक्षता वाली टीम ने अपनी रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी। इसके बाद जिला स्वास्थ्य समिति से इस मामले पर राय मांगी गई। समिति ने भी भ्रष्टाचार के आरोपों को गंभीर मानते हुए बीसीएम के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा की।

जिला प्रशासन ने जांच रिपोर्ट, जिला स्वास्थ्य समिति की अनुशंसा और राज्य स्वास्थ्य समिति के प्रावधानों के आधार पर कुसुम कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय सदर अस्पताल, औरंगाबाद निर्धारित किया गया है। साथ ही सिविल सर्जन को मामले में आगे की विभागीय जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई तेज करने का निर्देश दिया गया है।

इस कार्रवाई के बाद जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने जिले के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं और नियुक्तियों में किसी भी प्रकार की अनियमितता, घूसखोरी या भ्रष्टाचार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

स्वास्थ्य विभाग की एक जिम्मेदार अधिकारी पर कार्रवाई के बाद पूरे प्रशासनिक और स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया है। वहीं, आम लोगों और सामाजिक संगठनों ने जिला प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई का स्वागत करते हुए इसे भ्रष्टाचार के खिलाफ एक मजबूत संदेश बताया है।