डायमंड हार्बर में बड़ा एक्शन! चुनाव आयोग के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज, TMC ने भी चल दिया दांव, क्या फंसेंगे बड़े नेता?

 

Bihar news: पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के चुनाव से पहले डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इस वीडियो में कुछ बाइक सवार स्थानीय लोगों को धमकाते हुए नजर आ रहे थे। वीडियो वायरल होते ही चुनाव आयोग ने रविवार को जांच के आदेश दे दिए थे और अब इस पर एक्शन भी ले लिया है।

डायमंड हार्बर से जुड़े मामले में चुनाव आयोग ने एक्शन लेते हुए मामला दर्ज कर लिया है। डायमंड हार्बर से जुड़े मामले में भारतीय चुनाव आयोग ने जानकारी दी है कि संबंधित घटना को लेकर पुलिस में केस दर्ज किया गया है। यह मामला भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं - 329(3), 351(2)(3), 353(2), 174 और 3(5) के तहत डायमंड हार्बर पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया है।

वहीं, इस पूरे घटनाक्रम पर तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी का कहना है कि उन्हें डायमंड हार्बर से जुड़ा एक वीडियो मिला है, जिसे चुनाव आयोग मीडिया के साथ साझा कर रहा है। इस वीडियो में TMC नेताओं पर लोगों को डराने-धमकाने के आरोप लगाए जा रहे हैं।

TMC ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि चुनाव प्रचार के लिए रात 10 बजे तक की अनुमति है, और जिस बाइक रैली की बात की जा रही है, वह रात करीब 9:51-9:52 बजे हुई थी। पार्टी के अनुसार, रैली के दौरान कोई भड़काऊ नारे नहीं लगाए गए, बल्कि सिर्फ "जय बांग्ला" के नारे लगाए गए, जिन्हें लेकर विवाद खड़ा किया जा रहा है।