बिहार में सत्ता का बड़ा खेल! नीतीश के राज्यसभा जाने के बाद BJP के हाथ में कमान?

 
Bihar News: बिहार की राजनीति इन दिनों बड़े बदलाव के संकेत दे रही है। सत्ता के गलियारों में हलचल तेज है और चर्चाएं इस बात की हैं कि राज्य में जल्द ही नई सरकार का गठन हो सकता है।

सूत्रों के मुताबिक, नीतीश कुमार के राज्यसभा सदस्य चुने जाने के बाद बिहार की राजनीति में बड़ा फेरबदल देखने को मिल सकता है। बताया जा रहा है कि उनके राज्यसभा में जाने के साथ ही NDA के भीतर नेतृत्व की कमान भारतीय जनता पार्टी के हाथों में आ सकती है।

BJP से पहला मुख्यमंत्री?
राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा जोरों पर है कि इस बार बिहार में पहली बार बीजेपी का मुख्यमंत्री बन सकता है। इसे लेकर पार्टी के भीतर मंथन तेज हो गया है।

शपथ से सरकार गठन तक का रोडमैप
जानकारी के अनुसार, 9 अप्रैल को राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद 12 या 13 अप्रैल को नीतीश कुमार दिल्ली में राज्यसभा की शपथ ले सकते हैं। इसके बाद तय प्रक्रिया के तहत वे एमएलसी पद से इस्तीफा देंगे और फिर नई सरकार के गठन की कवायद तेज हो जाएगी।

बताया जा रहा है कि 20 अप्रैल के आसपास NDA की बैठक में मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम फैसला लिया जा सकता है, जबकि 26 अप्रैल के बाद कभी भी शपथ ग्रहण संभव है।

सत्ता संतुलन में बड़ा बदलाव
इस संभावित नई सरकार में मुख्यमंत्री पद बीजेपी को मिल सकता है, जबकि जनता दल यूनाइटेड को दो उपमुख्यमंत्री पद दिए जाने की चर्चा है। इसमें निशांत कुमार और विजय चौधरी जैसे नाम सामने आ रहे हैं।

अब तक सरकार में प्रमुख भूमिका निभा रही जदयू इस बार सहयोगी की भूमिका में आ सकती है, जबकि बीजेपी नेतृत्व की कमान संभाल सकती है।

सहयोगी दलों को भी हिस्सेदारी
सूत्रों की मानें तो NDA के अन्य सहयोगी दलों को भी सरकार में जगह मिलेगी। चिराग पासवान की पार्टी को दो मंत्री पद, जबकि उपेंद्र कुशवाहा और जीतन राम मांझी के दलों को एक-एक मंत्री पद मिलने की संभावना जताई जा रही है।

फिलहाल इन अटकलों ने बिहार की सियासत में गर्मी बढ़ा दी है। अब सबकी नजर NDA की अगली बैठक और अंतिम फैसले पर टिकी है, जो राज्य की राजनीति की दिशा तय कर सकती है।