बिहार के किसानों को 24 करोड़ की बड़ी सौगात: 305 गोदाम और 400 थ्रेसिंग फ्लोर बनेंगे, बढ़ेगी आय और रोजगार

 
Bihar news: बिहार सरकार ने किसानों की फसल को सुरक्षित रखने और बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में राज्यभर में 305 भंडारण गोदाम और 400 पक्का थ्रेसिंग फ्लोर बनाने की योजना को मंजूरी दी गई है। इस परियोजना पर करीब 24 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिससे किसानों को भंडारण की सुविधा मिलने के साथ-साथ लाखों मानव दिवस रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।

कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बताया कि यह योजना प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (RKVY) के तहत लागू की जाएगी। इसका उद्देश्य किसानों को फसल कटाई के तुरंत बाद कम कीमत पर उपज बेचने की मजबूरी से राहत देना और उन्हें बेहतर बाजार मूल्य दिलाना है।

योजना के तहत राज्य के सभी जिलों में 88 गोदाम 100 मीट्रिक टन क्षमता और 217 गोदाम 200 मीट्रिक टन क्षमता के बनाए जाएंगे। इसके अलावा किसानों की उपज की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए 400 पक्का थ्रेसिंग फ्लोर का भी निर्माण कराया जाएगा। इन सुविधाओं के जरिए किसान अपनी फसल को सुरक्षित रख सकेंगे और उचित समय पर बेहतर दाम मिलने पर बिक्री कर सकेंगे।

कृषि विभाग के अनुसार, 100 मीट्रिक टन क्षमता वाले गोदाम की लागत 14.19 लाख रुपये और 200 मीट्रिक टन क्षमता वाले गोदाम की लागत 20.24 लाख रुपये निर्धारित की गई है। वहीं, एक पक्का थ्रेसिंग फ्लोर के निर्माण पर 1.29 लाख रुपये खर्च होंगे।

सरकार का दावा है कि इस योजना से कृषि अवसंरचना मजबूत होगी और ग्रामीण क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर रोजगार का सृजन होगा। अनुमान के मुताबिक गोदाम और थ्रेसिंग फ्लोर निर्माण कार्यों से कुल 4.48 लाख मानव दिवस रोजगार उत्पन्न होंगे।

कृषि मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि उत्पादों के बेहतर प्रबंधन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। उनके अनुसार यह योजना किसानों को आत्मनिर्भर बनाने और कृषि क्षेत्र को अधिक लाभकारी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगी।