भागलपुर से शिक्षा को बड़ी सौगात: CM सम्राट चौधरी आज 211 नए डिग्री कॉलेजों का करेंगे लोकार्पण, महिलाओं को मिलेंगी पिंक बसें
Bihar News: बिहार में उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में आज एक बड़ा कदम उठाया जाएगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भागलपुर जिले के गौराडीह प्रखंड स्थित काशील गांव से राज्यभर के 211 नए डिग्री कॉलेजों का लोकार्पण करेंगे। इस दौरान काशील में नवनिर्मित डिग्री कॉलेज का भी उद्घाटन किया जाएगा।
सरकार का दावा है कि इस पहल से राज्य के हजारों विद्यार्थियों, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को अपने जिले के आसपास ही उच्च शिक्षा की बेहतर सुविधा मिलेगी। इससे दूसरे राज्यों की ओर शिक्षा के लिए होने वाले पलायन में भी कमी आने की उम्मीद है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री महिलाओं की सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा को ध्यान में रखते हुए 6 नई पिंक बसों को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इन बसों का उद्देश्य महिला यात्रियों को सुरक्षित और बेहतर सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराना है।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर भागलपुर में प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं और बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है।
राजनीतिक दृष्टि से भी इस कार्यक्रम को अहम माना जा रहा है। शिक्षा और महिला सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं के जरिए सरकार विकास के अपने एजेंडे को मजबूती से सामने रखने की तैयारी में है। अब सभी की नजर मुख्यमंत्री के संबोधन पर है, जहां वे राज्य के विकास और शिक्षा से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण ऐलान भी कर सकते हैं।