श्रवण बाजार में पुलिस की बड़ी रेड: रेड लाइट एरिया में सघन छापेमारी, चारों ओर घेराबंदी से मचा हड़कंप

 
Bihar News: शहर के चर्चित श्रवण बाजार इलाके में कोतवाली पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध गतिविधियों के खिलाफ सघन छापेमारी अभियान चलाया। रेड लाइट एरिया के रूप में पहचान रखने वाले इस इलाके में अचानक पुलिस के पहुंचते ही अफरा-तफरी का माहौल बन गया और पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

यह कार्रवाई एसडीपीओ सदर के नेतृत्व में की गई, जिसमें कोतवाली थाना की बड़ी पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस ने इलाके को चारों तरफ से घेरकर घर-घर तलाशी ली और हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखी। इस दौरान स्थानीय लोगों के पहचान पत्र, आधार कार्ड और एड्रेस प्रूफ की गहन जांच की गई।

छापेमारी के दौरान कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और उनके दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। पुलिस का मुख्य उद्देश्य इलाके में बाहरी और संदिग्ध तत्वों की पहचान कर अवैध धंधों पर लगाम कसना था।

हालांकि, घंटों चली इस कार्रवाई के बावजूद मौके से कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि भले ही इस बार कोई बड़ी सफलता हाथ नहीं लगी हो, लेकिन इस तरह की कार्रवाई से असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश गया है।

फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य है, लेकिन पुलिस ने साफ कर दिया है कि श्रवण बाजार जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में आगे भी इस तरह के औचक अभियान जारी रहेंगे। अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।