बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत: अब हर सोमवार-शुक्रवार लगेगा ‘समाधान शिविर’, 72 घंटे में शिकायत का निपटारा
नई व्यवस्था के अनुसार अब हर सोमवार और शुक्रवार को राज्यभर के बिजली उपकेंद्रों और सेक्शन कार्यालयों में ‘सहायता शिविर’ लगाए जाएंगे। इन शिविरों में उपभोक्ताओं की बिजली से जुड़ी हर समस्या का ऑन-द-स्पॉट समाधान किया जाएगा, ताकि लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, इस पहल का मकसद गर्मियों में बढ़ते लोड के बीच निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना है। साथ ही यह भी निर्देश दिया गया है कि उपभोक्ताओं की दर्ज शिकायतों का निपटारा अधिकतम 72 घंटे के भीतर किया जाए।
इस संबंध में पेसू के जीएम दिलीप सिंह ने बताया कि राजधानी समेत सभी क्षेत्रों में सेक्शन स्तर पर शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां बिजली बिल, कनेक्शन, खराबी और अन्य समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा। इसके लिए विशेष टीमों का गठन भी किया जा रहा है।
शिविरों में उपभोक्ताओं को 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली और नए टैरिफ से जुड़ी जानकारी भी दी जाएगी, ताकि किसी तरह की भ्रम की स्थिति न रहे।
विभाग का दावा है कि आरडीएसएस योजना के तहत ज्यादातर काम पूरे कर लिए गए हैं, जिससे इस बार गर्मियों में बिजली व्यवस्था पहले से ज्यादा मजबूत रहेगी।
यह नई पहल उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत साबित हो सकती है, जहां अब समस्या के समाधान के लिए लंबा इंतजार नहीं, बल्कि तय समयसीमा में निपटारा सुनिश्चित किया जाएगा।