सड़क हादसों के गंभीर मरीजों को बड़ी राहत! PMCH में बनेगी हाईटेक स्पाइनल यूनिट

 
Patna PMCH News: बिहार के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल पीएमसीएच में अब सड़क हादसों और गंभीर रीढ़ की चोट से जूझ रहे मरीजों को अत्याधुनिक इलाज की सुविधा मिलेगी। स्वास्थ्य विभाग ने पीएमसीएच में स्वतंत्र स्पाइनल यूनिट स्थापित करने की तैयारी शुरू कर दी है। इस नई व्यवस्था के तहत सड़क दुर्घटना, ऊंचाई से गिरने या किसी भारी उपकरण से घायल मरीजों के लिए स्पेशल स्पाइन सर्जरी की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

PMCH अधीक्षक डॉ. राजीव सिंह ने बताया कि इस पहल से ट्रॉमा और स्पाइनल इंजरी से पीड़ित मरीजों के इलाज में बड़ी सुधार आएगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से अनुभवी डॉक्टरों के साथ-साथ आधुनिक मशीनों और तकनीकी संसाधनों की भी व्यवस्था की जा रही है, ताकि मरीजों को बेहतर उपचार मिल सके।

उन्होंने बताया कि स्पेशल स्पाइनल सर्जरी यूनिट हड्डी रोग विभाग के अधीन संचालित होगी और यहां रीढ़ की जटिल बीमारियों और चोटों का विशेषज्ञ इलाज किया जाएगा।

PMCH के प्राचार्य डॉ. नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि इस स्पाइनल यूनिट के लिए कुल 39 पदों की स्वीकृति दी जाएगी। इनमें प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर, 24 स्टाफ नर्स, उच्च वर्गीय लिपिक और अन्य तकनीकी पद शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यह स्वतंत्र स्पाइनल सब-यूनिट राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि साबित होगी।

डॉ. नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि यूनिट में मिनिमल इनवेसिव एंडोस्कोपिक सर्जरी, स्पाइनल डिफॉर्मिटी करेक्शन, काइफोसिस (कुबड़ापन) और रीढ़ की अन्य जटिल समस्याओं का आधुनिक तकनीक से इलाज किया जाएगा। इसके जरिए न केवल बिहार बल्कि देशभर के मरीजों को उन्नत चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी।

उन्होंने भरोसा जताया कि इस नई व्यवस्था से राज्य में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ उच्च स्तरीय चिकित्सा शिक्षा को भी मजबूती मिलेगी। पीएमसीएच में बनने वाली यह हाईटेक स्पाइनल यूनिट गंभीर ट्रॉमा मरीजों के लिए जीवनरक्षक साबित हो सकती है।