PMCH में महिलाओं के लिए बड़ी राहत: स्त्री रोग विभाग में 90 नए बेड, एयर एम्बुलेंस सुविधा भी जल्द
हाईटेक सुविधाओं की ओर बढ़ता कदम
पीएमसीएच में हाल ही में पुनर्विकास योजना के तहत 1,117 बेड वाले दो आधुनिक टावर संचालित किए गए हैं। इन टावरों के शुरू होने से अस्पताल की कुल क्षमता और सेवाओं में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। अब महिला वार्ड में 90 अतिरिक्त बेड जुड़ने से स्त्री रोग से संबंधित मरीजों को बेहतर और त्वरित उपचार मिल सकेगा।
2029 तक पूरा होगा विस्तार कार्य
स्वास्थ्य विभाग ने लक्ष्य तय किया है कि 2029 तक पीएमसीएच में चल रहे सभी विकास और विस्तार कार्य पूरे कर लिए जाएंगे। अस्पताल को अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस किया जा रहा है, ताकि बिहार ही नहीं, देश के अन्य हिस्सों से आने वाले मरीजों को भी विश्वस्तरीय इलाज मिल सके।
एयर एम्बुलेंस की सुविधा भी तैयार
गंभीर मरीजों के त्वरित उपचार के लिए पीएमसीएच परिसर में एयर एम्बुलेंस लैंडिंग की व्यवस्था विकसित की जा रही है। उम्मीद है कि अगले एक-दो महीनों में यह सुविधा शुरू हो जाएगी। इससे रेफर किए गए मरीजों को तुरंत उच्च स्तरीय इलाज उपलब्ध कराया जा सकेगा।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पहल पर स्वास्थ्य क्षेत्र में हो रहे इन बदलावों का उद्देश्य स्पष्ट है, बिहारवासियों को इलाज के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भर न रहना पड़े। पीएमसीएच का यह कायाकल्प राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को नई पहचान देने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।