NDA को लेकर डिप्टी CM का बड़ा बयान, कहा- कहीं कोई विवाद नहीं है, सारे मामले सुलझा लिए जाएंगे 

 

बिहार एनडीए में घमासान को लेकर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भाजपा की ताबड़तोड़ मीटिंग हो रही है। मालूम हो कि पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के साथ-साथ बिहार में भी एमएलसी चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में बिहार के उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद की ओर से बड़ा बयान सामने आया है। उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने दिल्ली में कहा कि बिहार में एनडीए में कोई विवाद नहीं है, अगर कहीं मतभेद हैं तो सारे मामले सुलझा लिए जाएंगे। 

दिल्ली में कल से ही भाजपा नेताओं के बैठक का दौर जारी है। गुरुवार को दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बिहार के नेताओं के साथ बैठक की थी। इसमें उपमुख्यमंत्री तारकिशोर और रेणू देवी, बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय जायसवाल से लेकर दूसरे प्रमुख नेता शामिल थे। इसी के साथ इस बैठक में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय और बिहार के मंत्री मंगल पांडेय भी शामिल थे। सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में भाजपा और वीआईपी में चल रहे घमासान पर भी विस्तृत चर्चा हुई।

 जेपी नड्डा ने फिलहाल बिहार भाजपा के नेताओं को सब्र करने को कहा है। जानकारों का मानना है कि यूपी विधानसभा चुनाव तक भाजपा किसी भी तरह के विवाद से बचना चाह रही है। इधर, खबर है कि तारकिशोर प्रसाद आज रात ही गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर सकते हैं। इस दौरान पार्टी के दूसरे नेता भी मौजूद रहेंगे। खबरें हैं कि इस बैठक में भी बिहार में मचे घमासान पर चर्चा होगी। अमित शाह को सारी स्थिति से अवगत कराया जाएगा। वहीं केंद्रीय नेतृत्व की ओर से जो फैसला लिया जाएगा, उस पर अमल किया जाएगा। 

बिहार की सभी टॉप खबरें एक क्लिक में- https://newshaat.com/bihar-local-news/all-top-news-of-bihar-in-one-click/cid6284213.htm