LPG को लेकर बड़ा अपडेट: बिहार में गैस की कोई कमी नहीं, अफवाहों से दूर रहने की अपील- लेशी सिंह
पटना में विभागीय नियंत्रण कक्ष के निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कहा कि आम लोग भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि अगर गैस आपूर्ति से जुड़ी कोई समस्या आती है, तो सीधे विभाग द्वारा बनाए गए कंट्रोल रूम से संपर्क करें।
सरकार ने उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए राज्य स्तर पर एक विशेष कंट्रोल रूम शुरू किया है, जो रोज सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक काम करेगा। इस हेल्पलाइन (0612-2233050) पर अब एक साथ कई कॉल रिसीव करने की सुविधा भी जोड़ दी गई है, ताकि शिकायतों का तेजी से समाधान हो सके।
इतना ही नहीं, हर जिले में भी अलग-अलग कंट्रोल रूम सक्रिय कर दिए गए हैं, जहां लोग अपनी समस्याएं दर्ज करा सकते हैं। इन नंबरों का व्यापक प्रचार किया जा रहा है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसका लाभ उठा सकें।
विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह ने भी भरोसा दिलाया कि राज्य में गैस सिलेंडर का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और सप्लाई पूरी तरह सामान्य है। साथ ही, कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए प्रशासन और पुलिस को सख्त निर्देश दिए गए हैं।
सरकार ने यह भी सुनिश्चित किया है कि अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को प्राथमिकता के आधार पर गैस की आपूर्ति मिलती रहे। वहीं पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता भी सामान्य बनी हुई है।
बुकिंग नियमों की बात करें तो शहरी उपभोक्ता 25 दिन बाद और ग्रामीण उपभोक्ता 45 दिन बाद नया सिलेंडर बुक कर सकते हैं। सरकार ने साफ कर दिया है कि घबराने की जरूरत नहीं है, गैस की सप्लाई पूरी तरह दुरुस्त है और किसी भी तरह की समस्या के लिए कंट्रोल रूम पूरी तरह तैयार है।