बिहार विधानसभा में अग्नि सुरक्षा को लेकर मॉक ड्रिल, अधिकारियों ने बताए आग से बचाव के जरूरी उपाय
Newshaat Desk: बिहार विधानसभा सचिवालय में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए मंगलवार को मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार के निर्देश पर अग्निशमन सेवा के पदाधिकारियों ने सचिवालय के मुख्य भवन, उप भवन और विस्तारित भवन में यह अभ्यास कराया।
मॉक ड्रिल के दौरान अग्निशमन सेवा के अधिकारियों ने कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में तत्काल उठाए जाने वाले जरूरी कदमों की जानकारी दी। इस दौरान आग लगने के संभावित कारणों, बचाव के तरीकों और सुरक्षित तरीके से भवन से बाहर निकलने की प्रक्रिया के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
अधिकारियों ने प्रारंभिक स्तर पर आग पर काबू पाने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले विभिन्न अग्निशमन उपकरणों की जानकारी दी और उनके उपयोग का प्रदर्शन भी किया। मॉक ड्रिल के जरिए यह भी समझाया गया कि आपात स्थिति में किस तरह त्वरित और सुरक्षित तरीके से बचाव अभियान चलाया जा सकता है।
इस अभ्यास का उद्देश्य विधानसभा सचिवालय के भवनों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ आपातकालीन परिस्थितियों में कर्मचारियों की तत्परता और बचाव व्यवस्था को परखना रहा।