कालीघाट मंदिर पहुंचे बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, सपरिवार की मां काली की पूजा-अर्चना
Newshaat Desk: बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने मंगलवार को कोलकाता स्थित प्रसिद्ध कालीघाट मंदिर में सपरिवार पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने मां काली के दर्शन कर देश और बिहार की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की कामना की।
पूजा-अर्चना के बाद डॉ. प्रेम कुमार ने कालीघाट मंदिर को भारत की समृद्ध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण केंद्र बताया। उन्होंने कहा कि कालीघाट शक्तिपीठ में मां काली के दर्शन और पूजा का अवसर उनके लिए श्रद्धा के साथ-साथ आध्यात्मिक अनुभूति का भी विषय है।
शक्ति, साहस और धर्म की विजय का प्रतीक हैं मां काली
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि भारतीय संस्कृति में शक्ति की उपासना का विशेष महत्व रहा है। मां काली को शक्ति और साहस का प्रतीक माना जाता है। उन्होंने कहा कि मां काली की आराधना अधर्म पर धर्म की विजय और बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देती है।
उन्होंने बिहार के लोगों समेत देशवासियों के लिए सुख, स्वास्थ्य, शांति और समृद्धि की मंगलकामना की।
भारतीय संस्कृति की विविधता को बताया एकता की ताकत
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि भारत की अलग-अलग आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराएं देश की सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध करती हैं। इन परंपराओं के प्रति सम्मान और आस्था देश की सांस्कृतिक एकता को और मजबूत करती है।
कालीघाट मंदिर में पूजा-अर्चना के दौरान डॉ. प्रेम कुमार ने मंदिर की धार्मिक परंपराओं और आध्यात्मिक महत्व के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।