तिरुपति बालाजी के दरबार में पहुंचे बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, सपरिवार किया दर्शन-पूजन
Bihar news: बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने शुक्रवार को आंध्र प्रदेश स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में सपरिवार पहुंचकर भगवान तिरुपति बालाजी महाराज का दर्शन एवं विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने बिहार समेत पूरे देशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
दर्शन-पूजन के बाद डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि तिरुपति बालाजी महाराज का पावन धाम देश ही नहीं, बल्कि दुनिया भर के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास का प्रमुख केंद्र है। यहां दर्शन का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
सनातन संस्कृति हमारी अमूल्य धरोहर
बिहार विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि भारत की सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराएं देश की अमूल्य धरोहर हैं। देश के विभिन्न तीर्थस्थल हमारी सांस्कृतिक एकता, धार्मिक आस्था और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि तिरुपति बालाजी मंदिर की दिव्यता, भव्यता और आध्यात्मिक वातावरण श्रद्धालुओं को आत्मिक शांति के साथ नई ऊर्जा और प्रेरणा प्रदान करता है।
बिहार और देश की प्रगति के लिए की प्रार्थना
पूजन-अर्चन के उपरांत डॉ. प्रेम कुमार ने भगवान श्री वेंकटेश्वर स्वामी से बिहार और देश की निरंतर प्रगति, विकास एवं जनकल्याण की प्रार्थना की। उन्होंने सभी नागरिकों के सुखी, स्वस्थ और समृद्ध जीवन की कामना की।दर्शन के दौरान डॉ. प्रेम कुमार के साथ उनके परिवार के सदस्य भी मौजूद रहे।