सुरों की सरगम थमी: आशा भोसले के निधन पर बिहार विधानसभा अध्यक्ष ने जताया गहरा शोक

 
Newshaat Desk: भारतीय संगीत जगत की महान साधिका और प्रख्यात पार्श्वगायिका आशा भोसले के आकस्मिक निधन पर पूरे देश में शोक की लहर है। इसी कड़ी में बिहार विधानसभा के अध्यक्ष प्रेम कुमार ने गहरा दुख व्यक्त किया है।

अपने शोक संदेश में उन्होंने कहा कि आशा भोसले का निधन भारतीय संगीत और करोड़ों संगीत प्रेमियों के लिए अपूरणीय क्षति है। उनकी मधुर, जीवंत और बहुआयामी आवाज़ ने कई पीढ़ियों को जोड़ा और भारतीय संगीत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।

उन्होंने आगे कहा कि आशा जी के अमर गीत हमेशा इस धरती पर गूंजते रहेंगे और उनकी स्वर-साधना आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी। अपने लंबे करियर में उन्होंने अनगिनत उपलब्धियां हासिल कीं और भारतीय संगीत को वैश्विक पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

आशा भोसले को उनके अतुलनीय योगदान के लिए दादासाहेब फाल्के पुरस्कार, पद्म विभूषण, राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार, फिल्मफेयर अवॉर्ड और लाइफटाइम अचीवमेंट जैसे कई प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा गया। साथ ही उनका नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज है।

अंत में उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिजनों व प्रशंसकों को इस कठिन समय में धैर्य दें। आशा भोसले का जाना भारतीय संगीत के स्वर्णिम युग का एक अविस्मरणीय अध्याय खत्म होने जैसा है, जिसकी गूंज हमेशा बनी रहेगी।