बिहार विधानसभा अध्यक्ष की शिलांग यात्रा में बिहारी समाज से मुलाकात, प्रवासी बिहारियों के मुद्दों पर हुई विस्तृत चर्चा

 
Bihar News: बिहार विधानसभा के माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने अपनी शिलांग यात्रा के दौरान मेघालय में रह रहे बिहारी कल्याण संघ के प्रतिनिधिमंडल से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान प्रवासी बिहारियों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

प्रतिनिधिमंडल की ओर से संघ के अध्यक्ष श्री अरविंद प्रसाद यादव ने एक ज्ञापन सौंपते हुए कई प्रमुख मांगें रखीं, जिनमें पूर्वोत्तर और बिहार के बीच बेहतर संपर्क, आवासीय सुविधा और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विषय शामिल थे।

प्रमुख मांगें इस प्रकार रहीं-

* गुवाहाटी और पटना के बीच दैनिक सीधी हवाई सेवा शुरू करने की मांग
* शिलांग में प्रवासी बिहारियों के लिए ‘बिहार भवन’ की स्थापना
* मेघालय के प्रमुख अस्पतालों को बिहार सरकार के कैशलेस चिकित्सा पैनल में शामिल करने का प्रस्ताव
* मेघालय में रह रहे बिहारी उद्यमियों के लिए बिहार में निवेश संबंधी प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने की मांग

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इन सुविधाओं से प्रवासी बिहारियों को काफी राहत मिलेगी और बिहार से उनका जुड़ाव और मजबूत होगा।

माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इन प्रस्तावों को संबंधित विभागों के समक्ष रखा जाएगा ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके और प्रवासी बिहारियों को अधिकतम लाभ मिल सके।

मुलाकात के अंत में प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा अध्यक्ष का आभार व्यक्त किया और इस पहल को प्रवासी समाज के लिए महत्वपूर्ण बताया।