जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मिले बिहार विधानसभा अध्यक्ष, अमरनाथ यात्रा की तैयारियों पर हुई चर्चा

 

Bihar news: बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने अपने जम्मू-कश्मीर प्रवास के दौरान शुक्रवार को उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से लोक भवन में शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच सौहार्दपूर्ण माहौल में विभिन्न समसामयिक विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

मुलाकात के दौरान जम्मू-कश्मीर में चल रहे विकास कार्यों, आधारभूत संरचना के विस्तार, पर्यटन को बढ़ावा देने और जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं पर विचारों का आदान-प्रदान किया गया। दोनों नेताओं ने क्षेत्र के विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के प्रयासों पर भी चर्चा की।

बैठक में आगामी 3 जुलाई से शुरू होने वाली पवित्र श्री अमरनाथ यात्रा की तैयारियां भी प्रमुख रूप से चर्चा का विषय रहीं। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने यात्रा के लिए प्रशासन द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं और अन्य आवश्यक प्रबंधों की जानकारी साझा की। उन्होंने भरोसा जताया कि इस वर्ष भी अमरनाथ यात्रा शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न होगी।

वहीं, बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने जम्मू-कश्मीर में विकास की गति और तीर्थयात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि श्री अमरनाथ यात्रा देश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक एकता का सशक्त प्रतीक है और सभी संबंधित एजेंसियों के समन्वित प्रयासों से यात्रा का सफल आयोजन सुनिश्चित होगा।

डॉ. प्रेम कुमार ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशासन की बेहतर तैयारियों से देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव मिलेगा।