बिहार विधानसभा में सरस्वती पूजा, अध्यक्ष प्रेम कुमार ने की विधिवत पूजा-अर्चना
Patna news: वसंत पंचमी के पावन अवसर पर शुक्रवार को बिहार विधानसभा परिसर में सरस्वती पूजा पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। विधानसभा के विस्तारित भवन स्थित पुस्तकालय में स्थापित माँ सरस्वती की प्रतिमा की पूजा बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने विधिवत रूप से की।
पूजा के बाद अध्यक्ष प्रेम कुमार ने कहा कि सरस्वती पूजा केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं है, बल्कि यह ज्ञान, बुद्धि और अच्छे संस्कारों के प्रति हमारी आस्था का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का असली उद्देश्य सिर्फ डिग्री लेना नहीं, बल्कि सही-गलत की पहचान करना, मानवीय मूल्यों को अपनाना और समाज के लिए जिम्मेदार नागरिक बनना है।
अध्यक्ष ने सभी से अपील की कि वे ज्ञान का सही उपयोग करें, लगातार सीखते रहें और अपने ज्ञान से समाज और देश के विकास में योगदान दें। उन्होंने माँ सरस्वती से सभी को सद्बुद्धि, विवेक और सफलता देने की प्रार्थना भी की।
इस मौके पर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, विधानसभा की प्रभारी सचिव डॉ. ख्याति सिंह, सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। पूरे माहौल में श्रद्धा और भक्ति का वातावरण देखने को मिला।
सरस्वती पूजा के इस आयोजन के जरिए विधानसभा परिसर में शिक्षा, ज्ञान और संस्कार का संदेश दिया गया, जिससे सभी कर्मचारियों और अधिकारियों में नई ऊर्जा और प्रेरणा दिखाई दी।