बिहार ने रचा इतिहास, रणजी प्लेट ट्रॉफी में मणिपुर को 568 रन से हराकर बना चैंपियन
Bihar news: राजधानी के मोइन-उल-हक स्टेडियम में बिहार की रणजी टीम ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए रणजी ट्रॉफी प्लेट ग्रुप का खिताब जीत लिया है। फाइनल मुकाबले में बिहार ने मणिपुर को 568 रनों के बड़े अंतर से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ बिहार ने पूरे सत्र का समापन चैंपियन के रूप में किया।
मैच की पहली पारी में बिहार ने मजबूत बल्लेबाजी करते हुए 522 रन बनाए। इसके जवाब में मणिपुर की टीम 264 रन पर ही सिमट गई। इसके बाद दूसरी पारी में भी बिहार के बल्लेबाजों ने दमदार खेल दिखाया और 6 विकेट पर 505 रन बनाकर पारी घोषित कर दी।
पियूष कुमार सिंह का दोहरा शतक बना जीत की नींव
दूसरी पारी में पियूष कुमार सिंह ने नाबाद 216 रन की शानदार पारी खेली। उनके अलावा प्रताप ने 90 रन, खालिद ने 81 रन और बिपिन सौरभ ने 52 रन बनाकर टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया।
गेंदबाजों ने मणिपुर को किया ढेर
568 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मणिपुर की टीम बिहार के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। पूरी टीम 56 ओवर में 195 रन पर ऑलआउट हो गई। सूरज कश्यप और हिमांशु सिंह ने तीन-तीन विकेट लेकर अहम भूमिका निभाई। प्रशांत कुमार सिंह को दो विकेट मिले, जबकि आकाश राज और प्रताप ने एक-एक विकेट लिया।
सकीबुल गनी बने प्लेयर ऑफ द मैच
शानदार प्रदर्शन के लिए बिहार के सकीबुल गनी को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। वहीं पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल दिखाने वाले मणिपुर के फेरोजम जोतिन सिंह को ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ का पुरस्कार मिला। जीत के बाद स्टेडियम में जश्न का माहौल रहा और टीम को ट्रॉफी सौंपी गई।
अधिकारियों ने दी टीम को बधाई
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष हर्षवर्धन ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत मेहनत और अनुशासन का परिणाम है। सचिव जियाउल आरफीन ने कोच विनायक सामंत, टीम मैनेजर नंदन सिंह और पूरे सपोर्ट स्टाफ की सराहना की।
बिहार क्रिकेट के लिए बड़ी उपलब्धि
रणजी प्लेट ट्रॉफी का खिताब जीतना बिहार क्रिकेट के लिए एक बड़ा मुकाम माना जा रहा है। इस जीत ने साबित कर दिया है कि बिहार में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कोई कमी नहीं है और आने वाले समय में राज्य का क्रिकेट और मजबूत होगा।