बिहार बोर्ड इंटर रिजल्ट 2026 जारी: 85% से ज्यादा छात्र पास, बेटियों ने फिर मारी बाज़ी

 
Bihar Board Exam Result: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने सोमवार को इंटरमीडिएट (12वीं) परीक्षा 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया। शिक्षा मंत्री सुनील कुमार और बोर्ड अध्यक्ष आनंद किशोर ने बोर्ड कार्यालय में संयुक्त रूप से परिणाम की घोषणा की। इस बार साइंस, आर्ट्स और कॉमर्स तीनों संकायों का रिजल्ट एक साथ जारी किया गया।

इस वर्ष करीब 13 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए थे, जिनकी परीक्षाएं 1 फरवरी से 15 फरवरी के बीच आयोजित हुई थीं।

रिजल्ट में फिर बेटियों का जलवा
इस बार कुल 85.19% छात्र सफल घोषित किए गए हैं। खास बात यह रही कि छात्राओं ने एक बार फिर बाज़ी मारी—86.23% लड़कियां पास हुईं, जबकि 84.09% लड़के सफल रहे। टॉपर्स की सूची में कुल 26 अभ्यर्थियों ने जगह बनाई है, जिनमें 19 लड़कियां शामिल हैं।

तीनों संकायों का एक साथ रिजल्ट
बिहार बोर्ड ने एक बार फिर देश में सबसे पहले इंटर रिजल्ट जारी कर अपनी तेज कार्यशैली का परिचय दिया है। साइंस, आर्ट्स और कॉमर्स- तीनों स्ट्रीम के छात्रों का इंतजार एक साथ खत्म कर दिया गया।

ऐसे चेक करें अपना रिजल्ट
छात्र नीचे दिए आसान स्टेप्स से अपना स्कोरकार्ड देख सकते हैं-
    •    आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं
    •    ‘Intermediate Annual Exam 2026 Result’ लिंक पर क्लिक करें
    •    अपना Roll Code और Roll Number दर्ज करें
    •    स्क्रीन पर रिजल्ट देखें और डाउनलोड/प्रिंट कर लें

इन वेबसाइट्स पर देखें रिजल्ट
    •    interbiharboard.com
    •    bsebexam.com

रिकॉर्ड बना रहा बिहार बोर्ड
हर साल की तरह इस बार भी बिहार बोर्ड ने सबसे पहले रिजल्ट जारी कर नया रिकॉर्ड कायम किया है, जिससे छात्रों को लंबे इंतजार से राहत मिली है। इस बार का रिजल्ट न सिर्फ बेहतर रहा, बल्कि बेटियों की शानदार सफलता ने एक बार फिर साबित कर दिया-बिहार की बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं।