बिहार बजट 2026-27 का चैम्बर ने किया स्वागत, कहा– विकास को मिलेगी नई रफ्तार
चैम्बर के अध्यक्ष पी.के. अग्रवाल ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में राज्य का बजट ₹3.17 लाख करोड़ था, जिसे बढ़ाकर 2026-27 में ₹3.47 लाख करोड़ कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार का स्पष्ट लक्ष्य बिहार को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाना है। बजट में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पांच सूत्र ज्ञान, ईमान, विज्ञान, अरमान और सम्मान को विकास की आधारशिला बताया गया है, जिससे यह संदेश जाता है कि राज्य अब आधुनिक विकास की ओर तेजी से बढ़ रहा है।
इंफ्रास्ट्रक्चर और सामाजिक क्षेत्र पर जोर
पी.के. अग्रवाल ने कहा कि बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर कई अहम घोषणाएं की गई हैं। इसमें पांच नए एक्सप्रेस-वे का निर्माण, हर प्रखंड में आदर्श विद्यालय और डिग्री कॉलेज की स्थापना, जिला अस्पतालों को सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में बदलने और सौर ऊर्जा के विस्तार जैसे फैसले शामिल हैं।
इसके अलावा गरीबों के लिए सस्ता आवास, खेल और पर्यटन सुविधाओं का विकास, बुजुर्गों को घर बैठे स्वास्थ्य सेवाएं और संपत्ति पंजीकरण की सुविधा देने के प्रावधानों को भी उन्होंने सराहनीय बताया।
कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा
चैम्बर अध्यक्ष ने कहा कि बजट में ग्रामीण और कृषि क्षेत्र पर खास ध्यान दिया गया है। चौथे कृषि रोडमैप के जरिए किसानों की आय बढ़ाने की योजना बनाई गई है। डेयरी, मत्स्य पालन, पशुपालन और मखाना उद्योग को बढ़ावा देने की घोषणा से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है। स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए हाट-बाजार के विकास की योजना भी बजट में शामिल है।
निवेश और उद्योग पर फोकस
आर्थिक मोर्चे पर सरकार ने बिहार की विकास दर को लेकर बड़ा दावा किया है। 2025-26 में राज्य की आर्थिक विकास दर 14.9 प्रतिशत रहने का अनुमान जताया गया है, जो बिहार को देश के तेजी से बढ़ते राज्यों में शामिल करता है। साथ ही उद्योग क्षेत्र में 50 लाख करोड़ रुपये के निजी निवेश को आकर्षित करने का लक्ष्य रखा गया है।
पी.के. अग्रवाल ने कहा कि अब जरूरत है कि ईज ऑफ डूइंग बिजनेस से जुड़ी बाधाओं को दूर किया जाए, छोटे उद्योगों को बढ़ावा मिले, बड़े निवेशकों को आमंत्रित किया जाए और लैंड बैंक के लिए पर्याप्त फंड का प्रावधान किया जाए। इससे बिहार को उद्योग और रोजगार के नए केंद्र के रूप में स्थापित करने में मदद मिलेगी।