बिहार कैडर के IPS राठी को केंद्र में मिली बड़ी जिम्मेदारी, गृह मंत्री अमित शाह के मंत्रालय में करेंगे काम
Bihar news: बिहार कैडर के एक और वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी को केंद्र में अहम जिम्मेदारी मिली है. बिहार कैडर के 2002 बैच के आईपीएस अधिकारी राकेश राठी को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर बड़ी जिम्मेदारी मिली है. उन्हें गृह मंत्रालय में संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है. वर्तमान में विशेष शाखा के IG पद पर तैनात राठी को उनके पद से विरमित कर दिया गया है. यह नियुक्ति 5 वर्षों या अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी. माना जा रहा है कि उनके अनुभव का लाभ केंद्र सरकार को मिलेगा. इस फैसले से बिहार कैडर के अधिकारियों की केंद्र में बढ़ती भूमिका भी साफ नजर आ रही है.
दरअसल 2002 बैच के आईपीएस अधिकारी राकेश राठी को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर गृह मंत्रालय में संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है. इस संबंध में बिहार सरकार के गृह विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी है. राकेश राठी वर्तमान में विशेष शाखा (स्पेशल ब्रांच) में पुलिस महानिरीक्षक (IG) के पद पर तैनात थे. केंद्र में नई जिम्मेदारी संभालने के लिए उन्हें उनके वर्तमान पद से विरमित कर दिया गया है. यह नियुक्ति पद ग्रहण की तिथि से अगले 5 वर्षों या फिर अगले आदेश तक के लिए प्रभावी रहेगी.
राकेश राठी की यह नियुक्ति बिहार कैडर के अधिकारियों की केंद्रीय स्तर पर बढ़ती भूमिका को दर्शाती है। गृह मंत्रालय में संयुक्त सचिव का पद बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है, जहां आंतरिक सुरक्षा, नीति निर्माण और प्रशासनिक फैसलों में अहम भूमिका निभानी होती है।राकेश राठी को बिहार में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर काम करने का लंबा अनुभव है. विशेष शाखा में उनकी भूमिका खुफिया तंत्र और सुरक्षा से जुड़ी रही है, जिससे उन्हें संवेदनशील मामलों को संभालने का अनुभव प्राप्त हुआ है. माना जा रहा है कि उनके इसी अनुभव का लाभ अब केंद्र सरकार को मिलेगा।
साल 2019 दौरान राकेश राठी शाहाबाद रेंज के डीआईजी के पद को संभाल रहे थे, जहां उन्होंने अपनी नेतृत्व क्षमता और रणनीतिक सूझबूझ का अद्वितीय परिचय दिया. मगध रेंज के आईजी के रूप में भी अपनी सेवा दे चुके हैं. राठी ने सेंट्रल रेंज के आईजी के रूप में भी कई बड़ी चुनौतियों का सामना किया और कानून-व्यवस्था को मजबूती प्रदान की. सीबीआई में एसपी के रूप में भी उन्होंने अपनी छाप छोड़ी, जहां उनकी कार्यशैली और निष्पक्षता की प्रशंसा हुई. साल 2017 में उन्हें सीबीआई में डीआईजी नियुक्त किया गया, जहां उन्होंने कई महत्वपूर्ण मामलों को कुशलता से संभाला. हाल ही में ऐसी चर्चा थी कि राकेश राठी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जा सकते हैं, लेकिन राज्य सरकार ने उन्हें रिलीज नहीं किया.
गृह मंत्रालय देश की आंतरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और कई केंद्रीय एजेंसियों के संचालन से जुड़ा सबसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों में से एक है. ऐसे में संयुक्त सचिव के रूप में राकेश राठी की भूमिका महत्वपूर्ण होगी. गृह विभाग द्वारा जारी अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि राकेश राठी को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए औपचारिक रूप से मुक्त कर दिया गया है. उनके कार्यभार ग्रहण करने के साथ ही नई जिम्मेदारी प्रभावी हो जाएगी.