बिहार चैंबर में महाधिवक्ता एसडी संजय का सम्मान, बोले- स्थानीय उद्यमियों को टेंडर में मिले ज्यादा अवसर

 

Bihar news: बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की ओर से गुरुवार शाम चैंबर परिसर में बिहार के महाधिवक्ता एस.डी. संजय के सम्मान में संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उद्योग और व्यापार जगत से जुड़े लोगों ने महाधिवक्ता का स्वागत किया और बिहार में औद्योगिक विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

चैंबर अध्यक्ष पी.के. अग्रवाल ने एस.डी. संजय का स्वागत करते हुए कहा कि बिहार सरकार ने उन्हें 18 जून 2026 के प्रभाव से राज्य का महाधिवक्ता नियुक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह नियुक्ति उनकी कानूनी विशेषज्ञता, लंबे अनुभव और न्याय व्यवस्था के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

देश की बड़ी अदालतों में कर चुके हैं पैरवी

पी.के. अग्रवाल ने कहा कि एस.डी. संजय को देश के कई प्रमुख कॉर्पोरेट समूहों का प्रतिनिधित्व करने का अनुभव रहा है। उन्होंने पटना हाईकोर्ट, झारखंड हाईकोर्ट, कलकत्ता हाईकोर्ट, दिल्ली हाईकोर्ट के साथ-साथ सुप्रीम कोर्ट में भी मामलों की पैरवी की है।

उन्होंने बताया कि अप्रैल 2015 में तत्कालीन भारत सरकार की ओर से उन्हें पटना हाईकोर्ट में केंद्र का प्रतिनिधित्व करने के लिए अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल नियुक्त किया गया था। जुलाई 2020 तक उन्होंने इस जिम्मेदारी का निर्वहन किया। इसके बाद उन्होंने निजी प्रैक्टिस फिर शुरू की और देश के प्रमुख वकीलों में अपनी पहचान बनाई।

चैंबर अध्यक्ष ने उम्मीद जताई कि उनके अनुभव का लाभ बिहार को मिलेगा और उनके मार्गदर्शन से कानूनी जागरूकता, सुशासन तथा उद्योग और सरकार के बीच संवाद को और मजबूती मिलेगी।

‘व्यापारियों को उनका हक मिले, सरकार को नुकसान भी न हो’

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाधिवक्ता एस.डी. संजय ने कहा कि उन्होंने अपने करियर की शुरुआत से ही कमर्शियल लॉ के क्षेत्र में काफी काम किया है। इसी वजह से उन्हें अक्सर व्यवसाय जगत से जुड़े मामलों के वकील के तौर पर देखा जाता है।

उन्होंने बिहार की औद्योगिक विकास नीतियों का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार की मंशा कारोबारियों और उद्यमियों को लाभ पहुंचाने की रहती है, लेकिन कई बार ब्यूरोक्रेसी के स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन में दिक्कतें सामने आती हैं।

संजय ने कहा कि उनका प्रयास रहता है कि व्यवसायियों को जो वैध रूप से मिलना चाहिए, वह मिले और साथ ही सरकार को भी किसी तरह का नुकसान न हो।

स्थानीय उद्योगों को टेंडर में अवसर देने पर जोर

महाधिवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री और उद्योग विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बिहार के औद्योगिक विकास को लेकर उनकी बातचीत होती रहती है। उन्होंने कहा कि सरकार के स्तर पर इस दिशा में सकारात्मक सोच है।

राज्य सरकार की ओर से जारी होने वाले टेंडरों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि स्थानीय उद्यमियों को भी पर्याप्त अवसर मिलना चाहिए, तभी बिहार के उद्योगों को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा।

उन्होंने व्यवसाय जगत से जुड़े लोगों को भरोसा दिलाया कि उद्योग और व्यापार से संबंधित जो भी महत्वपूर्ण मामला उनके संज्ञान में लाया जाएगा, उसमें वे अपनी ओर से हरसंभव सहयोग करने का प्रयास करेंगे।

कार्यक्रम में चैंबर के उपाध्यक्ष एन.के. ठाकुर और विशाल टेकरीवाल, महामंत्री मुकेश कुमार जैन, कोषाध्यक्ष राजेश जैन, पूर्व अध्यक्ष सुभाष पटवारी, गणेश खेतरीवाल, राधेश्याम बंसल, आशीष शंकर, पशुपति नाथ पांडेय, सुनील सराफ, ए.के.पी. सिन्हा, अजय गुप्ता, बिनोद कुमार, अखिलेश कुमार, अनिल पचीसिया और आशीष प्रसाद सहित बड़ी संख्या में उद्यमी एवं व्यवसायी मौजूद रहे।