छोटे नोट और सिक्कों की किल्लत दूर करने की पहल, बिहार चैम्बर ने लगाया विशेष विनिमय मेला
मेले में व्यवसायियों और उद्यमियों को उनकी जरूरत के अनुसार 1, 2, 5, 10 और 20 रुपये के सिक्कों के साथ-साथ 5, 10, 20, 50 और 100 रुपये के नोट उपलब्ध कराए गए। बड़ी संख्या में व्यापारियों ने मेले में पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाया।
व्यापारियों की परेशानी को देखते हुए उठाया कदम
चैम्बर अध्यक्ष पी.के. अग्रवाल ने कहा कि लगातार व्यापारियों से छोटे नोटों और सिक्कों की कमी की शिकायतें मिल रही थीं, जिससे रोजमर्रा के कारोबार में दिक्कतें आ रही थीं। इसी समस्या के समाधान के लिए चैम्बर ने पहल करते हुए बंधन बैंक के सहयोग से इस विशेष मेले का आयोजन किया।
उन्होंने बताया कि बाजार में नकदी के छोटे मूल्यवर्ग का संतुलन बनाए रखना व्यापारिक गतिविधियों के लिए बेहद जरूरी है और चैम्बर समय-समय पर इस तरह की पहल करता रहा है।
28 लाख रुपये के नोट और सिक्कों का हुआ विनिमय
अग्रवाल ने जानकारी दी कि मेले में करीब 28 लाख रुपये के विभिन्न मूल्यवर्ग के नोट और सिक्के व्यापारियों एवं उद्यमियों को उपलब्ध कराए गए। उन्होंने कहा कि इस आयोजन को मिले सकारात्मक प्रतिसाद को देखते हुए भविष्य में भी ऐसे मेलों का आयोजन किया जाएगा।
व्यापारिक समुदाय में दिखा उत्साह
इस अवसर पर चैम्बर के कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे। व्यापारियों ने इस पहल को सराहते हुए कहा कि छोटे नोट और सिक्के खुदरा कारोबार की रीढ़ होते हैं और इस तरह के आयोजन से बाजार में नकदी संतुलन बनाए रखने में मदद मिलेगी।