समृद्धि यात्रा में मधुबनी पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, 391 करोड़ की योजनाओं का किया उद्घाटन-शिलान्यास

 

Madhubani News: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के दौरान मधुबनी जिले में कई विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने झंझारपुर प्रखंड के अररिया संग्राम पंचायत में स्थित मिथिला हाट फेज-2 (रिवर फ्रंट डेवलपमेंट) का जायजा लिया और अधिकारियों से चल रही योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।

अधिकारियों ने बताया कि मिथिला हाट के विस्तार और सौंदर्यीकरण, मधुबनी में अंतरराज्यीय बस अड्डा, जयनगर शहीद चौक के पास आरओबी, और शहर के लिए रिंग रोड का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इसके अलावा लौकही प्रखंड में 450 एकड़ जमीन पर औद्योगिक क्षेत्र और लोहना मौजा में 250 एकड़ जमीन पर औद्योगिक केंद्र विकसित किया जाएगा। फुलहर स्थान को पर्यटन स्थल के रूप में भी संवारा जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने सभी योजनाओं को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया और कहा कि इन कामों से इलाके के विकास के साथ लोगों को बेहतर सुविधा मिलेगी।

पंचायत भवन और जीविका भवन का निरीक्षण

मुख्यमंत्री ने अररिया संग्राम पंचायत सरकार भवन का दौरा किया और वहां चल रही सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने ग्राम न्यायालय, सभा कक्ष और पंचायत ज्ञान केंद्र देखा, जहां बच्चे पढ़ाई करते हैं। इसके बाद नवनिर्मित जीविका भवन का उद्घाटन किया और इसकी चाबी जीविका दीदियों को सौंपी। जीविका दीदियों द्वारा लगाए गए स्टॉल भी उन्होंने देखे।

इस मौके पर 26 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों को 301 करोड़ रुपये और सतत जीविकोपार्जन योजना के तहत 507 लाभार्थियों को 2 करोड़ 53 लाख रुपये का सांकेतिक चेक दिया गया।

तालाब सौंदर्यीकरण और लाभुकों को सहायता

मुख्यमंत्री ने वार्ड संख्या-13 में स्थित तालाब का निरीक्षण किया और उसमें मछली का जीरा छोड़ा। उन्होंने निर्देश दिया कि तालाब के चारों ओर सीढ़ीनुमा घाट बनाए जाएं ताकि छठ पूजा जैसे पर्व में लोगों को सुविधा हो।

कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों के स्टॉल भी लगाए गए थे। मुख्यमंत्री ने दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल की चाबी, छात्र-छात्राओं को स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, आयुष्मान कार्ड, वाहनों की चाबी और कई योजनाओं के सांकेतिक चेक वितरित किए।

391 करोड़ की योजनाओं का बड़ा ऐलान

मुख्यमंत्री ने रिमोट के जरिए मधुबनी जिले में 391 करोड़ रुपये की 395 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें 93 करोड़ की 294 योजनाओं का उद्घाटन और 298 करोड़ की 101 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

कई मंत्री और अधिकारी रहे मौजूद

इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय चौधरी, संजय झा, लेशी सिंह, अरुण शंकर प्रसाद सहित कई मंत्री, सांसद, विधायक और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

समृद्धि यात्रा के जरिए मुख्यमंत्री सीधे गांव-गांव जाकर योजनाओं की स्थिति देख रहे हैं, ताकि विकास कार्यों में कोई कमी न रहे और लोगों को समय पर लाभ मिल सके।