महिलाओं को नीतीश सरकार की बड़ी सौगात, ₹10 हजार से ₹2 लाख तक की मिलेगी आर्थिक सहायता, ऐसे लें लाभ

 

Patna: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महिलाओं के लिए एक और बड़ी पहल की है। सोमवार को उन्होंने मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की शुरुआत की। इस योजना का मकसद महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करना है। सरकार ने इसकी गाइडलाइन भी जारी कर दी है।

हर परिवार से एक महिला बनेगी उद्यमी

राज्य सरकार का लक्ष्य है कि हर परिवार से कम से कम एक महिला उद्यमी बने। योजना का संचालन बिहार ग्रामीण जीविकोपार्जन प्रोत्साहन समिति (जीविका) के माध्यम से किया जाएगा। महिलाओं को केवल आर्थिक मदद ही नहीं, बल्कि उद्यमिता और तकनीकी प्रशिक्षण भी दिया जाएगा ताकि वे व्यवसाय को सही तरीके से शुरू और सफलतापूर्वक चला सकें।

पहले ₹10 हजार, फिर ₹2 लाख तक की मदद

योजना के तहत पात्र महिलाओं को रोजगार शुरू करने के लिए पहले चरण में ₹10,000 की आर्थिक सहायता सीधे बैंक खाते में दी जाएगी। इसके बाद जरूरत पड़ने पर उन्हें अधिकतम ₹2 लाख तक की अतिरिक्त सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी। पूरी राशि DBT (Direct Benefit Transfer) के जरिए आधार-लिंक्ड खाते में जाएगी।

कौन ले सकता है लाभ?
    •    लाभार्थी महिला की उम्र 18 से 60 साल के बीच होनी चाहिए।
    •    आवेदिका या उसके पति आयकरदाता या सरकारी कर्मचारी (नियमित/संविदा) नहीं होने चाहिए।
    •    लाभ केवल जीविका स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को मिलेगा। जो महिलाएं अभी जुड़ी नहीं हैं, उन्हें पहले जीविका समूह की सदस्यता लेनी होगी।

आवेदन की प्रक्रिया – ग्रामीण और शहरी दोनों के लिए
    •    ग्रामीण क्षेत्र: जीविका समूह और ग्राम संगठन आवेदन लेंगे और प्रक्रिया आगे बढ़ाएंगे।
    •    शहरी क्षेत्र: महिलाओं के लिए एक स्पेशल ऑनलाइन पोर्टल बनाया जाएगा, जहां से आवेदन किए जा सकेंगे।

प्रशिक्षण और कौशल विकास

महिलाओं को सिर्फ आर्थिक मदद ही नहीं मिलेगी, बल्कि उन्हें यह भी सिखाया जाएगा कि सही व्यवसाय कैसे चुना जाए, वित्तीय योजना कैसे बने और व्यवसाय को मैनेज करने के लिए कौन-सी तकनीकी व प्रबंधन स्किल्स जरूरी हैं।

जीविका को-ऑपरेटिव बैंक की शुरुआत

सरकार ने महिलाओं की आर्थिक प्रगति को और मजबूत करने के लिए बिहार राज्य जीविका निधि साख सहकारी संघ लिमिटेड (जीविका को-ऑपरेटिव बैंक) की भी शुरुआत की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को इसका उद्घाटन करेंगे। यह बैंक ग्रामीण महिला उद्यमियों को कम ब्याज पर कर्ज उपलब्ध कराएगा और पूरी प्रक्रिया डिजिटल होगी।