बिहार में डिजिटल शिक्षा की बड़ी शुरुआत: मुख्यमंत्री लॉन्च करेंगे ‘बिहार स्कूल लाइव क्लासेज’, अब सरकारी स्कूलों से होगी NEET-JEE की तैयारी
Bihar News: बिहार में स्कूली शिक्षा को डिजिटल और आधुनिक बनाने की दिशा में राज्य सरकार बड़ा कदम उठाने जा रही है। मुख्यमंत्री जल्द ही “बिहार स्कूल लाइव क्लासेज” कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। इस पहल के तहत पहली बार सरकारी स्तर पर 9वीं से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए लाइव ऑनलाइन कक्षाएं शुरू की जाएंगी, जिससे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी अब विद्यार्थियों के लिए अधिक सुलभ होगी।
इस कार्यक्रम के दौरान बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से ऑनलाइन कोचिंग क्लासेज की शुरुआत भी की जाएगी। साथ ही NEET और JEE की तैयारी के लिए विशेष कार्यक्रम लॉन्च होगा, जिससे सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को विशेषज्ञ शिक्षकों के मार्गदर्शन में पढ़ाई का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान राजधानी के 10 चयनित मॉडल स्कूलों के छात्र लाइव माध्यम से जुड़ेंगे। इसके अलावा दो अत्याधुनिक स्मार्ट क्लासरूम का उद्घाटन किया जाएगा, जहां इंटरएक्टिव पैनल आधारित आधुनिक शिक्षण व्यवस्था उपलब्ध होगी।
शिक्षा क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने के लिए शिक्षा विभाग सात स्वयंसेवी संस्थाओं के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर करेगा। वहीं, राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, शास्त्रीनगर की छात्राओं को हॉकी किट भी वितरित की जाएगी, ताकि शिक्षा के साथ खेलों को भी प्रोत्साहन मिल सके।
छात्रों को मिलेंगे कई बड़े लाभ
इस नई व्यवस्था से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों के बीच शैक्षणिक अंतर कम करने में मदद मिलेगी। सभी छात्रों को एक समान और गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री उपलब्ध होगी। विषय विशेषज्ञों की लाइव क्लास, डिजिटल स्मार्ट क्लासरूम और ऑनलाइन शिक्षण से पढ़ाई अधिक प्रभावी और रोचक बनेगी।
सरकार का मानना है कि इस पहल से विद्यार्थियों की निजी कोचिंग पर निर्भरता घटेगी और वे बोर्ड परीक्षाओं के साथ-साथ NEET, JEE जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी कर सकेंगे। दूर-दराज़ के क्षेत्रों के छात्र भी डिजिटल माध्यम से उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा का लाभ उठा सकेंगे।
शिक्षा विभाग के अनुसार, इस योजना का उद्देश्य राज्य के प्रत्येक विद्यार्थी तक तकनीक आधारित, समान और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना है, ताकि “सशक्त बिहार, शिक्षित बिहार” के संकल्प को नई गति मिल सके।