सीएम नीतीश के खास सांसद को धमकी, कहा- डायनामाइट से उड़ा दूंगा सांसद का घर
Patna: बिहार की राजनीति में हड़कंप! विधानसभा चुनाव से पहले नेताओं के बीच तनातनी खुलकर सामने आ गई है। ताज़ा मामला सीएम नीतीश कुमार के खास और जदयू कोटे से सीतामढ़ी के सांसद देवेश चंद्र ठाकुर से जुड़ा है। सांसद को खुलेआम धमकी दी गई है कि उनके डुमरा स्थित आवास को डायनामाइट से उड़ा दिया जाएगा।
सोशल मीडिया पर वायरल धमकी
जानकारी के मुताबिक, राजद नेता राघवेंद्र कुशवाहा (निवासी – कमलदह, थाना बथनाहा) ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो डाला है, जिसमें उन्होंने सांसद को लेकर आपत्तिजनक शब्द कहे और घर को उड़ाने की धमकी दी। वीडियो वायरल होने के बाद पूरे इलाके और राजनीतिक गलियारे में खलबली मच गई है।
सांसद ने दर्ज कराया केस
इस मामले में सुरसंड थाना क्षेत्र के राधाउर निवासी मनीष कुमार राउत ने डुमरा थाना में एफआईआर दर्ज कराई है। एफआईआर में सीधे राजद नेता राघवेंद्र कुशवाहा को आरोपी बनाया गया है। पुलिस का कहना है कि यह बयान गंभीर आपराधिक कृत्य और देशविरोधी श्रेणी में आता है।
पहले भी नेताओं को मिली धमकी
गौर करने वाली बात यह है कि इससे पहले भी बिहार के बड़े नेताओं को धमकियां मिल चुकी हैं। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री व लोजपा-आर अध्यक्ष चिराग पासवान और राष्ट्रीय लोक मोर्चा अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा को भी जान से मारने की धमकी दी जा चुकी है।
सियासत में भूचाल
सांसद को मिली इस धमकी से राजनीतिक हलकों में भारी हलचल मच गई है। विधानसभा चुनाव नज़दीक हैं और ऐसे समय में सत्ता और विपक्ष के बीच बढ़ता टकराव अब सीधे धमकियों तक पहुँच चुका है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।