बिहार के ‘क्रिकेट स्टार’ वैभव सूर्यवंशी को सीएम नीतीश करेंगे सम्मानित, खेल मंत्री बोलीं- अब भारतीय टीम में जगह बनाएंगे हमारे लाल

 
Bihar news: बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को सम्मानित करेंगे। उन्होंने कहा कि वैभव ने अपनी प्रतिभा से पूरे बिहार को गर्व का अवसर दिया है और यह दिन राज्य के लिए बेहद खास है।

खेल मंत्री ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में वैभव भारतीय टीम में जगह बनाकर देश और बिहार दोनों का नाम रोशन करेंगे।

सीएम आवास में होगा सम्मान समारोह

जानकारी के अनुसार, शाम को एक अणे मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास पर सम्मान समारोह आयोजित होगा। वैभव रविवार सुबह ही अपने माता-पिता के साथ पटना पहुंच गए हैं और शाम में कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस अवसर पर दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा भी मौजूद रहेंगे।

बड़े खेल आयोजनों की तैयारी

श्रेयसी सिंह ने कहा कि बिहार अब राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी के लिए भी तैयार हो रहा है। पटना का मोइनुल हक स्टेडियम और राजगीर का स्टेडियम जल्द ही अंतरराष्ट्रीय स्तर के मुकाबलों के लिए विकसित किए जाएंगे। उन्होंने संकेत दिया कि क्रिकेट के साथ-साथ ओलंपिक खेलों के आयोजन की दिशा में भी राज्य आगे बढ़ रहा है।

AI समिट पर सियासत

AI समिट के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरोध पर प्रतिक्रिया देते हुए खेल मंत्री ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम देश का गौरव बढ़ाने वाला था, लेकिन विरोध का तरीका उचित नहीं था और इससे राज्य की छवि प्रभावित होती है।

श्रेयसी सिंह के इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में बयानबाज़ी और तेज होने के आसार हैं, जबकि दूसरी ओर बिहार खेल के क्षेत्र में नई उड़ान भरने की तैयारी कर रहा है।