बिहार के दो बड़े धार्मिक स्थल होंगे NH-33 से जुड़े, डिप्टी सीएम विजय सिन्हा की बड़ी पहल

 

Patna: बिहार के धार्मिक और सांस्कृतिक नक्शे पर बड़ी सौगात मिलने की उम्मीद है। राज्य के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बुधवार को दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर NH-33 मोकामा–मुंगेर फोरलेन के जरिये बड़हिया शहर और अशोक धाम मंदिर को सीधे जोड़ने की मांग रखी है।

इस अहम मुलाकात में उपमुख्यमंत्री ने यह स्पष्ट किया कि अगर प्रस्तावित फोरलेन में स्पर कनेक्टिविटी (संपर्क सड़क) नहीं जोड़ी गई, तो इन क्षेत्रों के लाखों लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान मार्ग (NH-80) पहले से ही जाम, बारिश और आबादी के दबाव से जूझ रहा है।

गडकरी ने दी सकारात्मक प्रतिक्रिया

डिप्टी सीएम विजय सिन्हा के मुताबिक, मंत्री गडकरी ने इस पहल को गंभीरता से लेते हुए स्पर कनेक्टिविटी रोड के प्रस्ताव को जल्द मंजूरी देने का भरोसा दिया है। इसके अलावा रक्सौल-हल्दिया एक्सप्रेसवे के एलाइनमेंट पर भी विचार-विमर्श हुआ।

बड़हिया: एक ऐतिहासिक और आध्यात्मिक कस्बा

लखीसराय जिले का बड़हिया शहर सिर्फ भौगोलिक दृष्टि से नहीं, बल्कि धार्मिक दृष्टिकोण से भी बेहद अहम है। यहां माँ बाला त्रिपुर सुंदरी मंदिर स्थित है, जहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। लेकिन NH-80 पर भीड़, भारी वाहनों की आवाजाही और बारिश में जल-जमाव से आवाजाही बेहद कठिन हो जाती है। "अगर फोरलेन से बड़हिया को जोड़ा जाता है, तो क्षेत्र की तस्वीर ही बदल सकती है," सिन्हा ने कहा।

अशोक धाम: छोटा देवघर कहे जाने वाले मंदिर को नई राह

अशोक धाम मंदिर, जिसे स्थानीय लोग "छोटा देवघर" भी कहते हैं, बिहार के सबसे प्रमुख शिव मंदिरों में से एक है। यहां साल भर शिवभक्तों का तांता लगा रहता है, लेकिन अब तक यह मंदिर किसी मुख्य राजमार्ग से नहीं जुड़ा है।

"नई स्पर कनेक्टिविटी सड़क से यहां आना- जाना आसान होगा। इससे न सिर्फ भक्तों को सुविधा मिलेगी, बल्कि यह क्षेत्र धार्मिक पर्यटन के नक्शे पर और मजबूती से उभरेगा," विजय सिन्हा ने कहा।