Bihar Chunav 2025: चुनावी तारीखों की उलटी गिनती शुरू! आयोग की मैराथन बैठक में नेताओं ने रखी अपनी-अपनी मांगें

 

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर अब राजनीतिक हलचल तेज़ हो गई है। शनिवार को राजधानी पटना में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की अध्यक्षता में हुई अहम बैठक में चुनाव आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू, डॉ. विवेक जोशी और बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी विनोद गुंज्याल समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


बैठक में राज्य के 12 मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया और आयोग के सामने अपनी-अपनी बातें रखीं। माना जा रहा है कि अब किसी भी वक्त चुनावी तारीख़ों का ऐलान हो सकता है।

बैठक में जेडीयू सांसद संजय कुमार झा ने कहा कि बिहार में कानून-व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त है, इसलिए चुनाव एक ही चरण में कराए जाने चाहिए। उन्होंने कहा, “अगर महाराष्ट्र में एक चरण में चुनाव हो सकते हैं तो बिहार में क्यों नहीं? हमने स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) सफलतापूर्वक पूरा किया है, जो देश के लिए एक मॉडल साबित होगा।”

वहीं, जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने आयोग से अपील की कि चुनाव की तारीखें छठ पर्व के बाद रखी जाएं ताकि बाहर रहने वाले लाखों बिहारी मतदाता अपने घर लौटकर मतदान कर सकें।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने बताया कि आयोग ने सभी दलों से आग्रह किया है कि मतदान के दिन फॉर्म 17सी को हर हाल में पोलिंग एजेंट से जमा करवाएं ताकि बाद में किसी तरह का विवाद न हो। उन्होंने कहा, “हमने आयोग से आग्रह किया है कि जैसे ही 28 दिन की घोषणा अवधि पूरी हो, चुनाव तुरंत कराए जाएं।”

बता दें कि 30 सितंबर को बिहार की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की गई है। इस बार राज्य में कुल 7.42 करोड़ मतदाता दर्ज हुए हैं। जबकि 24 जून तक यह संख्या 7.89 करोड़ थी। यानी मसौदा सूची से करीब 65 लाख मतदाता हटाए गए। 1 अगस्त तक मतदाताओं की संख्या 7.24 करोड़ थी, और अब अंतिम सूची के साथ तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है।

चुनावी मौसम में यह बैठक कई मायनों में अहम मानी जा रही है, क्योंकि आयोग की इस कवायद के बाद अब चुनाव की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है।