बिहार चुनाव 2025: पटना में सियासी गहमागहमी तेज, निर्वाचन आयोग की सभी दलों संग मैराथन बैठक- आज तय होंगी चुनावी रणनीतियां

 

Patna Desk: बिहार विधानसभा चुनाव की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। इसी बीच आज पटना में भारत निर्वाचन आयोग ने राज्य के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ अहम बैठक की है। राजधानी के होटल ताज में आयोजित इस बैठक में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार स्वयं मौजूद हैं। बैठक स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं और मीडिया को सीमित प्रवेश की अनुमति दी गई है।

आयोग ने इस बैठक में राष्ट्रीय और राज्यस्तरीय सभी राजनीतिक दलों से अधिकतम तीन-तीन प्रतिनिधियों को शामिल होने की अनुमति दी है। बैठक में चुनाव की तैयारियों की समीक्षा के साथ-साथ मतदान केंद्रों की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, मतदाता जागरूकता, और आचार संहिता के सख्त पालन जैसे बिंदुओं पर चर्चा हो रही है।

अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अमित कुमार पांडेय ने बताया कि बैठक में भाजपा, जदयू, राजद, कांग्रेस, आप, लोजपा (रामविलास), रालोसपा, सीपीआई-एम, सीपीआई (एमएल) सहित दर्जनों दलों के शीर्ष नेता शामिल हुए हैं।

सूत्रों के मुताबिक, आयोग इस बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस कर यह साफ़ करेगा कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 तीन या पाँच चरणों में कराए जाएंगे। पिछली बार यानी 2020 में चुनाव तीन चरणों में संपन्न हुए थे, लेकिन इस बार मतदाता संख्या और सुरक्षा जरूरतों को देखते हुए चरणों की संख्या बढ़ाई जा सकती है।

राजनीतिक गलियारों में इस बैठक को “चुनाव 2025 की ब्लूप्रिंट मीटिंग” बताया जा रहा है, क्योंकि आयोग आज ही यह भी तय करेगा कि आचार संहिता लागू होने की संभावित तारीख क्या होगी।

राजधानी पटना में आयोग की इस हाई-प्रोफाइल बैठक को लेकर पूरे राज्य में सियासी हलचल बढ़ गई है। सभी दल अब चुनावी मोड में आ चुके हैं और रणनीतियां अंतिम रूप ले रही हैं।