त्योहारों से पहले बिहार को मिली बड़ी सौगात, 78 नई डीलक्स बसें पटना पहुंचीं; 6 राज्यों के लिए बढ़ेगी सेवा

 

 

 

Bihar news: आगामी त्योहारी सीजन में बिहार से दूसरे राज्यों की यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत मिलने वाली है। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) अपनी अंतर्राज्यीय बस सेवाओं का विस्तार करने जा रहा है। इसी कड़ी में 149 नई एसी और नॉन-एसी डीलक्स बसों में से 78 बसें पटना के फुलवारीशरीफ डिपो पहुंच चुकी हैं। बाकी बसों के भी अगस्त के अंत तक पहुंचने की उम्मीद है।

नई बसों का नियमित परिचालन मुख्य रूप से आगामी त्योहारों के दौरान शुरू किया जाएगा। हालांकि, इनमें से कुछ बसों को फिलहाल पटना-देवघर रूट पर श्रावणी मेला को देखते हुए चलाया जा रहा है।

दिल्ली से झारखंड तक जुड़ेगा बिहार

बीएसआरटीसी की योजना इन बसों को बिहार से दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और झारखंड के विभिन्न रूटों पर चलाने की है। इससे दूसरे राज्यों में रहने वाले बिहार के कामगारों, छात्रों, कारोबारियों और आम यात्रियों को सस्ती और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा।

त्योहारी मौसम में बड़ी संख्या में प्रवासी कामगार और छात्र अपने घर लौटते हैं। ऐसे में सरकारी बसों की संख्या बढ़ने से यात्रियों को निजी बसों पर निर्भरता कम करने में मदद मिल सकती है।

लंबी दूरी के सफर में मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

नई डीलक्स बसों में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है। एसी बसों में वातानुकूलित सुविधा के साथ आरामदायक सीटें, बेहतर सस्पेंशन और सुरक्षा से जुड़े जरूरी इंतजाम किए गए हैं। निगम का उद्देश्य लंबी दूरी के सफर को अधिक आरामदायक और सुरक्षित बनाना है।

पटना पहुंचीं 5 ई-पिंक बसें

अंतर्राज्यीय बस सेवा के साथ ही राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में भी काम चल रहा है। निगम के अनुसार पीएम ई-पिंक बसों की भी पटना में आपूर्ति शुरू हो गई है और अब तक पांच इलेक्ट्रिक पिंक बसें राजधानी पहुंच चुकी हैं। ये बसें पुणे से चरणबद्ध तरीके से भेजी जा रही हैं।

नई बस सेवाओं के विस्तार से न केवल यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद है, बल्कि बस संचालन से जुड़े क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो सकते हैं।