बिहार को मिला नया महाधिवक्ता, वरिष्ठ अधिवक्ता एस. डी. संजय की नियुक्ति पर कैबिनेट की मुहर

 

Bihar news: बिहार सरकार ने राज्य के नए महाधिवक्ता (Advocate General) के रूप में वरिष्ठ अधिवक्ता एस. डी. संजय की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इस महत्वपूर्ण फैसले पर मुहर लगाई गई। पूर्व महाधिवक्ता पी. के. शाही के इस्तीफे के बाद यह नियुक्ति की गई है।

जानकारी के अनुसार, पी. के. शाही ने 14 जून 2026 को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। वे जनवरी 2023 से बिहार के महाधिवक्ता के रूप में कार्यरत थे। उनके पद छोड़ने के बाद राज्य सरकार ने कानूनी क्षेत्र में लंबे अनुभव रखने वाले वरिष्ठ अधिवक्ता एस. डी. संजय को यह अहम जिम्मेदारी सौंपी है।

साधारण परिवार से देश के शीर्ष कानूनी पदों तक का सफर

एस. डी. संजय का जन्म एक मध्यमवर्गीय परिवार में हुआ था। उनके पिता शिक्षक थे। प्रारंभिक शिक्षा पटना के सर गणेश दत्त पाटलिपुत्र स्कूल में हुई, जबकि उच्च शिक्षा पटना विश्वविद्यालय से प्राप्त की। उन्होंने वाणिज्य विषय में स्नातक (ऑनर्स) की डिग्री हासिल करने के बाद दिल्ली विश्वविद्यालय के कैंपस लॉ सेंटर से विधि की पढ़ाई पूरी की।

कानून की पढ़ाई के बाद उन्होंने पटना हाईकोर्ट में वकालत शुरू की और धीरे-धीरे संवैधानिक कानून, जनहित याचिकाओं, सिविल और आपराधिक मामलों के विशेषज्ञ के रूप में अपनी पहचान बनाई। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट समेत देश के विभिन्न न्यायालयों में भारत सरकार का पक्ष भी प्रभावी ढंग से रखा है।

एडीशनल सॉलिसिटर जनरल से महाधिवक्ता तक

एस. डी. संजय को वर्ष 2010 में बिहार का अपर महाधिवक्ता नियुक्त किया गया था और उन्होंने 2014 तक इस पद पर कार्य किया। बाद में वर्ष 2015 में उन्हें भारत सरकार का एडीशनल सॉलिसिटर जनरल बनाया गया। सितंबर 2024 में केंद्र सरकार ने उन्हें पुनः तीन वर्षों के लिए इस पद पर नियुक्त किया था।

अब बिहार सरकार ने उनकी कानूनी विशेषज्ञता और लंबे अनुभव को देखते हुए उन्हें राज्य का सर्वोच्च विधिक अधिकारी नियुक्त किया है।

कानूनी जगत में खुशी की लहर

एस. डी. संजय की नियुक्ति के बाद न्यायिक और कानूनी क्षेत्र से जुड़े कई प्रमुख लोगों ने उन्हें बधाई दी है। बार काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष मनन कुमार मिश्र, बिहार स्टेट बार काउंसिल के अध्यक्ष रामाकांत शर्मा, एडवोकेट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष योगेश चंद्र वर्मा समेत कई वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।

कानूनी विशेषज्ञों का मानना है कि एस. डी. संजय के अनुभव और विधिक ज्ञान का लाभ बिहार सरकार को महत्वपूर्ण संवैधानिक और कानूनी मामलों में मिलेगा।