बिहार सरकार का 2026-27 का बजट पेश, 3.47 लाख करोड़ का रोडमैप; 94 लाख गरीब परिवारों को सशक्त बनाने का लक्ष्य

 
Bihar Budget: बिहार विधानमंडल में मंगलवार को वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश किया गया। वित्त मंत्री विजेंद्र यादव ने सदन में कुल 3 लाख 47 हजार 589 करोड़ 76 लाख रुपये का बजट प्रस्तुत किया। इस बजट के जरिए सरकार ने बिहार को विकसित राज्यों की कतार में खड़ा करने का लक्ष्य तय किया है।

वित्त मंत्री ने बताया कि इस बजट का मुख्य उद्देश्य राज्य के 94 लाख गरीब परिवारों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है। सरकार का फोकस विकास के साथ-साथ सामाजिक न्याय और समावेशी प्रगति पर रहेगा।

‘सात निश्चय-3’ से विकास को मिलेगी रफ्तार

वित्त मंत्री ने कहा कि सात निश्चय-3 के संकल्प के तहत बिहार को विकसित राज्य बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे। इसके तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कृषि और बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

कृषि और सामाजिक क्षेत्र पर जोर

बजट में चौथे कृषि रोडमैप को अहम स्थान दिया गया है, जिससे किसानों की आय बढ़ाने और खेती को लाभकारी बनाने की योजना है। इसके साथ ही सामाजिक क्षेत्र में खर्च बढ़ाकर गरीब, पिछड़े और कमजोर वर्गों को सीधा लाभ पहुंचाने की कोशिश की गई है।

पिछले वर्षों से बड़ा बजट

वित्त मंत्री ने बताया कि इस बार का बजट पिछले वर्षों की तुलना में काफी बड़ा है। इससे साफ है कि बिहार तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है और अन्य राज्यों के मुकाबले अपनी रफ्तार मजबूत कर रहा है।

नीतीश सरकार की विकास सोच

वित्त मंत्री ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने ज्ञान, ईमान, विज्ञान, समान और सम्मान को विकास की बुनियाद बनाया है। इसी सोच के तहत यह बजट तैयार किया गया है।

सरकार का दावा है कि 2026-27 का बजट बिहार को आत्मनिर्भर और विकसित राज्य बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम साबित होगा।