नर्सरी लगाकर कमाई और पर्यावरण की सुरक्षा, बिहार सरकार दे रही 5 लाख तक का अनुदान

 

Bihar news: अगर आप खेती से जुड़कर अच्छी कमाई करना चाहते हैं और साथ ही पर्यावरण को भी बचाना चाहते हैं, तो बिहार सरकार की यह योजना आपके लिए बहुत फायदेमंद हो सकती है। कृषि विभाग ने वर्ष 2025-26 के लिए कृषि वानिकी योजना को मंजूरी दी है। इस योजना के तहत निजी नर्सरी लगाने पर सरकार 50 प्रतिशत तक अनुदान दे रही है।

राज्य का कोई भी किसान या युवा जो पेड़ों के पौधे तैयार करने का काम करना चाहता है, वह इस योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकता है। आवेदन horticulture.bihar.gov.in वेबसाइट या बिहार कृषि ऐप के जरिए किया जा सकता है।

कौन-कौन से पौधे उगाए जाएंगे
इस योजना के तहत गम्हार, सेमल, मालावार नीम और अन्य कृषि वानिकी से जुड़े पौधों का उत्पादन किया जाएगा। इसका मकसद पर्यावरण संरक्षण के साथ किसानों और युवाओं को रोजगार देना है।

कितना मिलेगा अनुदान
आधे हेक्टेयर जमीन पर छोटी नर्सरी लगाने की लागत लगभग 10 लाख रुपये तय की गई है। इसमें सरकार 50 प्रतिशत या अधिकतम 5 लाख रुपये तक की सहायता देगी।
वहीं, जो नर्सरी पहले से चल रही हैं, वहां कृषि वानिकी पौधे उगाने पर 5 लाख रुपये की लागत मानी गई है, जिसमें 50 प्रतिशत या अधिकतम 2.5 लाख रुपये अनुदान मिलेगा।

जरूरी शर्तें क्या हैं
योजना का काम शुरू करने से पहले और पूरा होने के बाद कार्य स्थल की जियो टैग सेल्फी और जांच प्रमाण पत्र जिला उद्यान कार्यालय में जमा करना होगा। लाभुकों का चयन “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर किया जाएगा। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के लोगों को जाति प्रमाण पत्र देना अनिवार्य होगा।

सरकार का मानना है कि इस योजना से एक ओर लोगों को रोजगार मिलेगा, तो दूसरी ओर ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगेंगे और पर्यावरण को भी फायदा होगा।