उद्योग मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जयसवाल से बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन की भेंट, बजट वृद्धि पर जताया आभार; ‘डेस्टिनेशन बिहार एक्सपो 2026’ को मिला सरकार का भरोसा
प्रतिनिधिमंडल ने उद्योग मंत्री की दूरदर्शी सोच और सकारात्मक नीति की सराहना करते हुए कहा कि सरकार के इन कदमों से बिहार में औद्योगीकरण को मजबूती मिलेगी और निवेशकों का भरोसा और बढ़ेगा। बैठक के दौरान उद्योग मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जयसवाल ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार त्वरित और समग्र औद्योगिक विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
मंत्री ने बताया कि उद्योग विभाग में नियमित समीक्षा बैठकों के माध्यम से प्रगति की निगरानी की जा रही है और अधिकारियों को यह निर्देश दिए गए हैं कि निवेशकों को समयबद्ध सहयोग प्रदान करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि निवेशकों की सुविधा के लिए विभाग में नोडल पदाधिकारी की नियुक्ति पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है।
बैठक के दौरान बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन ने राज्य सरकार के सहयोग से प्रस्तावित ‘डेस्टिनेशन बिहार एक्सपो 2026’ की तैयारियों की जानकारी भी मंत्री को दी। उल्लेखनीय है कि इस औद्योगिक प्रदर्शनी के संरक्षक स्वयं उद्योग मंत्री हैं। इस पर डॉ. जयसवाल ने आयोजन को राज्य के औद्योगिक और आर्थिक विकास के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए सरकार की ओर से पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।
यह मुलाकात बिहार में उद्योग-सरकार के मजबूत तालमेल और उद्योग अनुकूल वातावरण को और सुदृढ़ करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है। प्रतिनिधिमंडल में महासचिव के साथ एसोसिएशन के पूर्व कोषाध्यक्ष मनीष तिवारी भी शामिल रहे।