“केंद्र के सहयोग से रफ्तार पकड़ता बिहार”- जहानाबाद में CM नीतीश कुमार का बड़ा ऐलान, 1 करोड़ रोजगार का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली जैसे बुनियादी क्षेत्रों में हुए बदलावों को गिनाते हुए कहा कि आज का बिहार पहले से कहीं अधिक मजबूत और विकसित हो रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि एनडीए सरकार अपने हर वादे को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
1 करोड़ रोजगार का बड़ा लक्ष्य
नीतीश कुमार ने युवाओं को लेकर बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि आने वाले पांच वर्षों में एक करोड़ बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि सरकार इस दिशा में ठोस रणनीति के साथ काम कर रही है और हर हाल में इस लक्ष्य को हासिल किया जाएगा।
पुराने दौर पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने 2005 से पहले की सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि उस समय बिहार में विकास ठप था और आम लोगों को बुनियादी सुविधाओं के लिए भी संघर्ष करना पड़ता था। उन्होंने जहानाबाद का उदाहरण देते हुए कहा कि पहले यहां सड़क व्यवस्था बेहद खराब थी, लेकिन अब बेहतर और चौड़ी सड़कों ने आवागमन को आसान बना दिया है।
252 करोड़ की योजनाओं की सौगात
इस दौरान मुख्यमंत्री ने करीब 252 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। उन्होंने सिलाई प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण किया और गांधी मैदान में लगे विभागीय स्टॉल का भी जायजा लिया। साथ ही अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।
डिप्टी CM ने भी की तारीफ
सभा को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बिहार तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने सरकार की योजनाओं और कार्यशैली की जमकर सराहना की।
कार्यक्रम में विजय कुमार चौधरी, अशोक चौधरी, चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी, अनिल कुमार शर्मा और प्रमोद चंद्रवंशी समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। बड़ी संख्या में एनडीए कार्यकर्ता और स्थानीय लोग भी इस जनसभा में शामिल हुए।
नया बिहार, नई रफ्तार
जहानाबाद की धरती से दिए गए इस संदेश ने साफ कर दिया है कि सरकार विकास और रोजगार के मुद्दे को लेकर आक्रामक मोड में है। आने वाले समय में यह एजेंडा बिहार की राजनीति का केंद्र बनने वाला है।
रिपोर्ट: जहानाबाद, पवन कुमार