Bihar latest news: बिहार में महिला सशक्तिकरण की बड़ी सौगात, नीतीश ने ट्रांसफर किए 2500 करोड़ रुपये
Bihar latest news: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत राज्य की 25 लाख महिलाओं के बैंक खातों में कुल 2500 करोड़ रुपये सीधे ट्रांसफर किए। प्रत्येक महिला लाभार्थी को 10-10 हजार रुपये की राशि दी गई।
पटना के अणे मार्ग स्थित संकल्प भवन से मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए विभिन्न जिलों की महिलाओं से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वर्ष 2005 से पहले बिहार में कोई ठोस काम नहीं हुआ और पिछली सरकारों ने राज्य की जनता को विकास का लाभ नहीं पहुँचाया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना के तहत अब तक कुल 1 करोड़ महिलाओं को 10-10 हजार रुपये की पहली किस्त दी जा चुकी है। इसके पहले 26 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बैठक में 75 लाख महिलाओं के खातों में 7500 करोड़ रुपये डीबीटी के जरिए ट्रांसफर किए गए थे।
कार्यक्रम में दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा, जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और नेता मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना का दूसरा चरण छह महीने के आकलन के बाद लागू होगा, जिसमें प्रत्येक लाभार्थी को 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता दी जा सकेगी।
नीतीश सरकार का कहना है कि यह योजना महिलाओं को आर्थिक स्वतंत्रता और रोजगार के अवसर देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।