बिहार विधान मंडल सचिवालय के कर्मचारियों के लिए बस सेवा शुरू, विधानसभा अध्यक्ष ने दिखाई हरी झंडी

 
Bihar News: ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा देने और सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को प्रोत्साहित करने की दिशा में बिहार विधान मंडल सचिवालय ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने रविवार सुबह विधानसभा के मुख्य पोर्टिको से कर्मचारियों एवं पदाधिकारियों के आवागमन के लिए विशेष बस सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर मीडिया से बातचीत करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि वैश्विक ऊर्जा संकट और पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने के लिए प्रधानमंत्री द्वारा किए गए आह्वान के अनुरूप यह कदम उठाया गया है। उन्होंने बताया कि बिहार विधान मंडल सचिवालय में कार्यरत पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों की सुविधा के लिए पिंक, इलेक्ट्रिक और सीएनजी बसों का परिचालन शुरू किया गया है।

नई व्यवस्था के तहत एम्स, पटना से बिहार विधान मंडल सचिवालय तक एक इलेक्ट्रिक, एक सीएनजी और एक पिंक बस संचालित होगी। वहीं सगुना मोड़ से सचिवालय रूट पर एक इलेक्ट्रिक बस तथा धनकी मोड़ से बिहार विधान मंडल, निर्वाचन आयोग एवं विकास भवन रूट पर एक इलेक्ट्रिक, एक सीएनजी और एक पिंक बस का परिचालन किया जाएगा।

डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि बिहार राज्य पथ परिवहन निगम पहले से ही विभिन्न मार्गों पर सचिवालय कर्मियों के लिए बस सेवाएं संचालित कर रहा है, जिसका लाभ विधानसभा सचिवालय के कर्मचारी भी उठा सकते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इस पहल से कर्मचारियों को सुविधा मिलेगी और ऊर्जा संरक्षण के राष्ट्रीय अभियान में बिहार की भागीदारी और मजबूत होगी।

कार्यक्रम में बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के प्रशासक अतुल वर्मा, विधानसभा सचिवालय की प्रभारी सचिव सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

ऊर्जा बचत, पर्यावरण संरक्षण और कर्मचारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शुरू की गई यह पहल बिहार सरकार के सतत विकास और हरित परिवहन के संकल्प को भी मजबूत करती है।