पूर्व मंत्री बागी कुमार वर्मा के निधन से बिहार की राजनीति में शोक, विधान परिषद सभापति अवधेश नारायण सिंह ने जताई संवेदना
जारी शोक संदेश में सभापति अवधेश नारायण सिंह ने कहा कि स्वर्गीय बागी कुमार वर्मा ने सामाजिक सरोकारों और जनसेवा के जरिए राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई थी। उन्होंने कहा कि उनका निधन न सिर्फ राजद बल्कि पूरे राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति है। सभापति ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल देने की प्रार्थना की।
जानकारी के अनुसार, 77 वर्षीय बागी कुमार वर्मा ने दिल्ली स्थित एम्स में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे और पिछले कई महीनों से उनका इलाज जारी था। जहानाबाद जिले के मखदुमपुर प्रखंड स्थित झमन बिगहा गांव के निवासी बागी कुमार वर्मा बिहार की राजनीति में एक मजबूत समाजवादी चेहरे के तौर पर पहचाने जाते थे।
वे वर्ष 1995 से 2005 तक मखदुमपुर विधानसभा क्षेत्र से राजद विधायक रहे और राजद सरकार में खाद एवं आपूर्ति विभाग में राज्य मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल चुके थे। वर्ष 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में उन्होंने अरवल जिले के कुर्था विधानसभा क्षेत्र से राजद प्रत्याशी के रूप में जीत हासिल की थी।
बागी कुमार वर्मा के निधन के बाद राजनीतिक गलियारों में शोक का माहौल है। विभिन्न दलों के नेताओं और समर्थकों ने उन्हें जनहित और समाजवादी विचारधारा के लिए समर्पित नेता बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है।