बिहार विधान परिषद भर्ती घोटाला, दोबारा परीक्षा में भी नहीं पहुंचे अभ्यर्थी, LDC के 30 और PA के 7 अभ्यर्थी रहे गायब
बिहार विधान परिषद भर्ती विवाद में एक बार फिर बड़ी खबर सामने आई है. भर्ती घोटाला मामले में दोबारा आयोजित परीक्षा में भी एक भी अभ्यर्थी शामिल नहीं हुआ. बुधवार को आयोजित परीक्षा में LDC (लोअर डिवीजन क्लर्क) और निजी सहायक (PA) पद के अभ्यर्थियों की अनुपस्थिति ने भर्ती प्रक्रिया पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. परीक्षा का निर्धारित समय समाप्त हो गया, लेकिन दोनों पदों के लिए कोई अभ्यर्थी परीक्षा देने नहीं पहुंचा.
जानकारी के मुताबिक, आज पहले चरण में LDC पद के लिए परीक्षा आयोजित की गई थी. इस परीक्षा में कुल 30 अभ्यर्थियों को शामिल होना था, लेकिन इनमें से एक भी अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र पर नहीं पहुंचा. परीक्षा का समय समाप्त होने तक सभी सीटें खाली रहीं
वहीं, दूसरी पाली में निजी सहायक पद के लिए परीक्षा निर्धारित थी. इस पद के लिए कुल 7 अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होना था. लेकिन यहां भी एक भी अभ्यर्थी परीक्षा देने नहीं पहुंचा. इस तरह दोबारा आयोजित परीक्षा में LDC और निजी सहायक, दोनों पदों के लिए अभ्यर्थियों की शत-प्रतिशत अनुपस्थिति रही.
विधान परिषद भर्ती घोटाला मामले में दोबारा परीक्षा आयोजित किए जाने के बावजूद अभ्यर्थियों के शामिल नहीं होने से कई सवाल खड़े हो गए हैं. आखिर अभ्यर्थियों ने परीक्षा से दूरी क्यों बनाई? क्या इसके पीछे कोई सामूहिक फैसला है या फिर भर्ती प्रक्रिया को लेकर अभ्यर्थियों के मन में कोई आशंका है? इन सवालों पर अब सबकी नजरें टिकी हैं.
इस पूरे मामले में अब बिहार विधान परिषद के सभापति के अगले कदम पर सबकी नजर है. माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में परीक्षा में शामिल नहीं होने वाले अभ्यर्थियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर भी फैसला हो सकता है. हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है.