बिहार विधानमंडल बजट सत्र की तैयारियों को लेकर हाईलेवल बैठक, सुरक्षा से लेकर ट्रैफिक तक पर मंथन

 

Bihar news: 02 फरवरी 2026 से शुरू होने वाले बिहार विधानमंडल के बजट सत्र को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। सत्र के दौरान सुरक्षा, ट्रैफिक, चिकित्सा, सफाई, पार्किंग समेत सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के उद्देश्य से शुक्रवार को बिहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। यह बैठक विधान सभा के वाचनालय में हुई।

19 बैठकों वाला होगा लंबा बजट सत्र

बैठक में अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने बताया कि यह बजट सत्र काफी महत्वपूर्ण और लंबा होगा, जिसमें कुल 19 बैठकें आयोजित की जाएंगी। सत्र के दौरान राज्यपाल का अभिभाषण, प्रश्नकाल, वित्तीय कार्य, गैर-सरकारी संकल्प समेत कई अहम विधायी कार्य होंगे।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि 07 फरवरी को बिहार विधान सभा भवन का स्थापना दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर सेन्ट्रल हॉल में दोनों सदनों के सदस्यों की मौजूदगी में एक विशेष व्याख्यान कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें लोकसभा अध्यक्ष, राज्यसभा के उपसभापति और केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री को आमंत्रित किया गया है।

सदस्यों के आवेदनों का त्वरित निपटारा करने का निर्देश

विधान सभा अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनहित से जुड़े मामलों पर माननीय सदस्यों द्वारा दिए गए आवेदनों का समय पर निष्पादन किया जाए। उन्होंने प्रोटोकॉल से जुड़े दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने और लंबे समय से लंबित आश्वासनों, याचिकाओं व ध्यानाकर्षण प्रस्तावों के शीघ्र समाधान पर भी जोर दिया।

अधिकारियों की अनुपस्थिति पर जताई नाराजगी

बैठक में कुछ विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव और सचिव स्तर के अधिकारियों की अनुपस्थिति पर अध्यक्ष ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि भविष्य में ऐसी महत्वपूर्ण बैठकों और विधान सभा की समितियों की बैठकों में वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य होगी।

सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर सख्त निर्देश

अध्यक्ष ने विधान सभा और विधान परिषद परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों, सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक नियंत्रण, चिकित्सा सुविधा, सफाई और पार्किंग समेत सभी व्यवस्थाओं को पूरी तरह चाक-चौबंद रखने का निर्देश दिया।

सरकार पूरी तरह तैयार : संसदीय कार्य मंत्री

बैठक में मौजूद संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि सरकार विधानमंडल के प्रति अपनी जिम्मेदारी को लेकर पूरी तरह सजग है। उन्होंने अधिकारियों से प्रोएक्टिव रहने की अपील की और कहा कि आगे से वरिष्ठ अधिकारी स्वयं बैठकों में उपस्थित रहेंगे।

कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

इस बैठक में विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह, विधान सभा के उपाध्यक्ष नरेंद्र नारायण यादव, गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी, डीजीपी विनय कुमार, एडीजी कुंदन कृष्णन, पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम., नगर आयुक्त यशपाल मीणा, सिविल सर्जन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रेस सलाहकार समिति की भी हुई बैठक

उच्चस्तरीय बैठक के बाद दोपहर 2 बजे बिहार विधान सभा की नवगठित प्रेस सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। इसमें आगामी बजट सत्र के दौरान सदन की कार्यवाही के सकारात्मक और तथ्यपरक कवरेज को लेकर विचार-विमर्श किया गया। इस बैठक में समिति के सदस्य, विशेष आमंत्रित सदस्य और विधान सभा सचिवालय के अधिकारी मौजूद रहे।