बिहार के विधायकों को मिला संसदीय कामकाज का प्रशिक्षण, गया में दो दिवसीय ‘प्रबोधन कार्यक्रम’ का हुआ सफल समापन
Bihar news: बिहार विधानसभा के माननीय सदस्यों के लिए गया स्थित बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान (बिपार्ड) में आयोजित दो दिवसीय आवासीय ‘प्रबोधन कार्यक्रम’ का रविवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। इस कार्यक्रम का आयोजन बिहार विधानसभा सचिवालय, प्राइड (PRIDE), लोकसभा सचिवालय और बिपार्ड के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन 11 जुलाई को भारत के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने किया था। इस अवसर पर बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सय्यद अता हसनैन, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह, विधानसभा के उपाध्यक्ष नरेंद्र नारायण यादव सहित कई मंत्री और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
उपराष्ट्रपति ने सेवा और संवेदनशील नेतृत्व पर दिया जोर
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने कहा कि चुनाव केवल वोटों से जीते जाते हैं, लेकिन जनता का विश्वास और दिल सेवा, संवेदनशीलता और ईमानदार नेतृत्व से ही जीता जा सकता है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से बिहार में रोजगार के अवसर बढ़ाने और युवाओं के पलायन को रोकने की दिशा में गंभीरता से काम करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री बोले- संविधान की समझ से मजबूत होगा लोकतंत्र
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि यह प्रबोधन कार्यक्रम संविधान की गरिमा और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से विधानसभा की कार्यवाही में नियमित भागीदारी और संवैधानिक जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने की अपील की।
संसदीय प्रक्रिया से लेकर ई-नेवा तक पर मिला प्रशिक्षण
दो दिनों तक चले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में विधायकों को संसदीय प्रक्रिया, सदस्यों के अधिकार एवं कर्तव्य, प्रश्नकाल, आचार संहिता, कार्यपालिका की जवाबदेही, विधायी एवं बजटीय प्रक्रिया, संसदीय समितियों की भूमिका और आधुनिक तकनीक आधारित ई-नेवा (e-NeVA) प्रणाली के उपयोग जैसी महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों ने विस्तृत जानकारी दी। विभिन्न तकनीकी सत्रों में विधायकों ने विशेषज्ञों से सवाल-जवाब भी किए।
सांस्कृतिक कार्यक्रम और धार्मिक स्थलों का भी कराया गया भ्रमण
प्रशिक्षण के साथ-साथ प्रतिभागियों के लिए सांस्कृतिक संध्या का आयोजन भी किया गया। वहीं दूसरे दिन विधायकों ने बिपार्ड परिसर में वृक्षारोपण किया और विष्णुपद मंदिर, महाबोधि मंदिर तथा मां मंगला गौरी मंदिर समेत गया के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का भ्रमण भी किया।
लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत बनाने की पहल
कार्यक्रम के समापन पर विधानसभा के उपाध्यक्ष नरेंद्र नारायण यादव ने धन्यवाद ज्ञापन दिया। आयोजकों ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम जनप्रतिनिधियों की संसदीय समझ और विधायी क्षमता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनका मानना है कि इससे विधानसभा की कार्यवाही और अधिक प्रभावी, जवाबदेह और जनहितकारी बनेगी।